Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश के जिला कानपुर में एक भयानक हादसे ने पूरे परिवार को तबाह कर दिया। कानपुर के साढ़ थाना क्षेत्र के हिरनी गांव में रविवार सुबह करीब 10 बजे उस समय चीख-पुकार मच गई, जब एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर ढह गया। हादसे के समय मकान के ऊपर बने कमरे में एक ही परिवार के पांच लोग मौजूद थे। छत और दीवारों का मलबा गिरने से पांचों उसके नीचे दब गए।
बता दें कि ग्रामीणों ने मलबा हटाकर सभी को बाहर निकाला एम्बुलेंस और डायल 112 के जरिए पतारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। डाक्टरों ने पिता समेत तीन बेटियों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक बेटी की हालत गंभीर होने पर उसे कानपुर एलएलआर अस्पताल रेफर किया गया।
जानकारी के मुताबिक मृतकों की पहचान हिरनी गांव निवासी मुकेश सिंह (45) और उनकी बेटियों माया (16), नीतू (12) और पल्लवी (7) के रूप में हुई है। हादसे में मुकेश की बड़ी बेटी काजल (19) गंभीर रूप से घायल हुई है। सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टरों ने उसे कानपुर एलएलआर अस्पताल रेफर कर दिया।
मुकेश की पत्नी रामप्यारी का करीब पांच साल पहले निधन हो चुका। प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा दोनों की मौत हुई थी। गांव में मुकेश का दो मंजिल का घर गारा से जुड़ी पक्की ईंटों से बना था। करीब 70 वर्ग गज में बने घर की छतें कच्ची थीं। नीचे भूसा व लकड़ी आदि सामान भरा था और छत पर बने कमरे में पूरा परिवार रहता था।
जानकारी के अनुसार सुबह चारा काटने के बाद मुकेश अपनी बेटियों के साथ ऊपर बने कमरे में चाय पीने पहुंचे थे। बेटियां लकड़ी के तख्त पर बैठी थीं और परिवार चाय पी रहा था। इसी दौरान बड़ी बेटी काजल आटा गूथकर खाना बनाने की तैयारी कर रही थी। तभी अचानक कच्ची छत भरभराकर नीचे आ गिरी। देखते ही देखते परिवार के पांचों सदस्य मलबे में दब गए।