Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को ग्रेटर नोएडा जाएंगे। यहां सीएम योगी गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय (जीबीयू) में आयोजित प्रेरणा विमर्श-2026 के समापन समारोह में 5000 से अधिक युवाओं और महिलाओं को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में शामिल होने के साथ ही सीएम योगी नोएडा में पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र के घर जाएंगे। इसके बाद जीबीयू वापस आकर यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो की तैयारियों की समीक्षा करेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर करीब 3 बजे हेलीकॉप्टर से जीबीयू पहुंचेंगे। यहां हेलीपैड पर उतरने के बाद सीएम योगी सीधे जीबीयू के इंडोर स्टेडियम में जाएंगे। वहां विचार विमर्श-2026 कार्यक्रम के समापन समारोह में शामिल होंगे। इसमें करीब दो घंटे तक सीएम योगी रहेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से नोएडा रवाना होंगे। वहां शिल्प हॉट में उनका हेलीकॉप्टर उतरेगा। उसके बाद सीएम योगी सड़क मार्ग से सेक्टर-51 स्थित यूपी के पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र के घर जाएंगे। वहां करीब एक घंटे रुकने के बाद सीएम फिर हेलीकॉप्टर से वापस जीबीयू पहुंचेंगे।
जीबीयू में यूपीआईटीएस-2026 के आयोजन की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। करीब एक घंटे तक समीक्षा बैठक होगी। इसमें प्राधिकरण, प्रशासन और पुलिस के अफसर मौजूद रहेंगे। बैठक के बाद मुख्यमंत्री के वापस लखनऊ रवाना होने की संभावना है। हालांकि, मुख्यमंत्री के रात्रि प्रवास की भी चर्चा चल रही है, लेकिन अफसरों का कहना है कि यह अभी तय नहीं है।