Uttar Pradesh: अतीक के कब्जे से मुक्त कराई गई जमीन पर आवासीय योजना का भूमि पूजन करेंगे मुख्यमंत्री बृहस्पतिवार को प्रयागराज आ रहे हैं। 15 अक्तूबर को कसारी-मसारी में प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) की ओर से यहां प्रस्तावित 14 मंजिला पद्म आवास योजना का भूमिपूजन प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री तेलियरगंज चौराहे पर मसुरियादीन की प्रतिमा का अनावरण करने के साथ गवर्नमेंट प्रेस मैदान में मतदाता सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे।
बता दें कि कसारी-मसारी में अतीक और उसके गुर्गों के कब्जे से मुक्त कराई गई जमीन पर पीडीए 602 फ्लैट की आवासीय योजना विकसित करेगा। कभी माफिया के आतंक के कारण जिस इलाके में लोग जाने से डरते थे, वहां अब लोग अपने घर का सपना पूरा कर सकेंगे। इसी जमीन पर अतीक का घर भी हुआ करता था।
जानकारी के अनुसार पद्म आवास योजना के कुल 9,811.35 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में बहुमंजिला समूह आवास का निर्माण किया जाएगा। परियोजना पर करीब 150 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इमारत 14 मंजिला होगी और इसकी ऊंचाई 44.85 मीटर प्रस्तावित है। योजना में पार्किंग की व्यवस्था भी की जाएगी।