Uttar Pradesh: यूपी के बलरामपुर में देहात क्षेत्र के चरनगहिया-बेलहा गांव में शनिवार रात दुर्गा मंदिर के सामने तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे वीडियो देख रहे ग्रामीणों को रौंद दिया। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दो घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बहराइच रेफर किया गया है। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा है। घटना के बाद पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर कार चालक को हिरासत में ले लिया। फिलहाल पुलिस की टीम मामले की जांच कर रही है।
हादसे में तीन लोगों की हुई मौत
बता दें कि पुलिस घायलों को बलरामपुर के जिला स्मारक अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान मनोज सिंह (40), गणेश (35) और पतेश्वरी (50) के रूप में हुई है। इस घटना में चार अन्य घायल हो गए। इनमें से दो, जिनकी पहचान छेदी राम (45) और डब्लू (35) के रूप में हुई है, पुलिस ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
सीएम योगी ने हादसे पर जताया दुख
सीएम योगी ने इस हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि जनपद बलरामपुर में एक व्यक्तिगत कार्यक्रम के दौरान हुई दुर्घटना में लोगों की असामयिक मृत्यु अत्यंत दुःखद है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। इस दुर्घटना में दिवंगत हुए लोगों के परिजनों को ₹02-02 लाख व घायलों को ₹50-50 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान करने तथा दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को सद्गति एवं शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।