यूपी में सर्दी ने दी दस्तक, 20 जिलों में पारा 18 डिग्री से नीचे लुढ़का, हरदोई रहा सबसे ठंडा

Weather in up: उत्तर प्रदेश में अब मौसम ने करवट लेनी शुरू कर दी है. दीपावली के बाद प्रदेश में ठंड का असर तेजी से बढ़ने लगा है. सुबह और शाम के साथ अब रात में भी गुलाबी ठंडक महसूस होने लगी है. लोगों ने हल्के गर्म कपड़े निकालने शुरू कर दिए हैं. गुरुवार को प्रदेश के करीब 20 जिलों में न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया. इसमें हरदोई, कानपुर, इटावा, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बरेली, अलीगढ़ और मुरादाबाद जैसे जिले शामिल हैं. सबसे कम तापमान हरदोई में दर्ज किया गया, जहां पारा 14 डिग्री तक लुढ़क गया. हरदोई प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा.

वहीं, दिन के तापमान की बात करें तो फर्रुखाबाद और मुरादाबाद में अधिकतम तापमान 28 डिग्री दर्ज हुआ. दिन में अभी भी तेज धूप निकल रही है, जिससे दोपहर में गर्मी का एहसास हो रहा है, लेकिन शाम होते ही ठंड बढ़ जा रही है.

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 6 से 7 दिनों तक मौसम में कोई खास बदलाव की संभावना नहीं है. दिन में आसमान साफ रहेगा और धूप खिली रहेगी. अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री के आसपास स्थिर बना रहेगा.हालांकि, रात के तापमान में लगातार गिरावट आएगी. इससे सुबह-शाम की ठंड और बढ़ेगी. क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती तूफानों का असर अब प्रदेश से खत्म हो गया है. इसी वजह से रात का पारा तेजी से नीचे आ रहा है.

वैज्ञानिकों के मुताबिक, उत्तर-पश्चिमी हवाओं के चलने से रात के तापमान में गिरावट आ रही है. अगले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री और नीचे जा सकता है. नवंबर के दूसरे हफ्ते के बाद ठंड में और तेजी आने की उम्मीद है.

मौसम विभाग ने लोगों को सुबह-शाम बाहर निकलते समय हल्के गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी है. छोटे बच्चों और बुजुर्गों को विशेष ध्यान रखने की जरूरत है.

इसे भी पढ़ें:-पीएम मोदी ने दी देशवासियों को धनतेरस की शुभकामनाएं, साझा किया भगवान धन्वन्तरि का खास संस्कृत श्लोक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *