AI से होगी चारधाम यात्रा की निगरानी, CM धामी का एक्शन प्लान तैयार

Uttarakhand: चारधाम यात्रा-2026 को लेकर उत्तराखंड सरकार ने इस बार पहले से अधिक सख्त और हाईटेक तैयारी शुरू कर दी है. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यात्रा में व्यावसायिक दृष्टिकोण नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और मानवीय संवेदनशीलता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गुरुवार को सचिवालय स्थित वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली सभागार, विश्वकर्मा भवन में चारधाम यात्रा-2026 की तैयारियों को लेकर एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक ले रहे थे.  

पशुओं के लिए भी हॉस्पिटल

मुख्यमंत्री ने कहा कि यात्रा मार्गों पर पर्याप्त मेडिकल यूनिट्स और आवश्यकतानुसार अस्थायी अस्पताल स्थापित किए जाएं. पशुओं के उपचार के लिए पशु चिकित्सालयों की संख्या और सुविधाओं को भी बढ़ाने के निर्देश दिए गए. साथ ही सीएसआर और अन्य संसाधनों के माध्यम से स्वच्छ पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने पर बल दिया गया.

एआई की मदद से निगरानी

सुरक्षा के दृष्टिकोण से पूरे यात्रा मार्ग पर सीसीटीवी कैमरों को पूर्ण रूप से सक्रिय रखने और आवश्यकता अनुसार एआई आधारित निगरानी प्रणाली लागू करने को कहा गया. संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त निगरानी और कंट्रोल रूम से लगातार मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए.

24×7 कंट्रोल रूम और हेल्पलाइन को सक्रिय रखने के निर्देश

आपदा प्रबंधन को लेकर मुख्यमंत्री ने संभावित जोखिम वाले क्षेत्रों की पूर्व पहचान कर आवश्यक संसाधनों की तैनाती करने को कहा. SDRF, NDRF और स्थानीय प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा 24×7 कंट्रोल रूम और हेल्पलाइन को सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया दी जा सके.

सीएम धामी ने यात्रा अवधि के दौरान नियमित समीक्षा बैठकों के माध्यम से प्रगति की निगरानी करने और पिछले वर्षों के अनुभवों से सीख लेकर सुधारात्मक कदम तत्काल लागू करने के निर्देश दिए. यात्रा मार्गों पर गड्ढों को तुरंत भरने और सड़क व्यवस्था को दुरुस्त रखने पर भी जोर दिया गया.

सभी दुकानों पर रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने पिछले वर्ष भंडारों को लेकर उत्पन्न विवादों का उल्लेख करते हुए निर्देश दिए कि प्रशासन स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं के बीच समन्वय स्थापित कर इस समस्या का स्थाई समाधान निकाले. साथ ही ओवररेटिंग पर सख्ती करते हुए सभी दुकानों पर रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए.

इसे भी पढ़ें:-पीएम मोदी राजस्थान में करेंगे रिफाइनरी-पेट्रोकेमिकल हब का उद्घाटन, आर्थिक विकास को मिलेगी नई गति

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *