Kolkata: कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मुंबई जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट में हाईजैक की धमकी का संदेश मिला. जानकारी के मुताबिक विमान टेक-ऑफ की तैयारी में था, तभी क्रू की नजर शौचालय में लिखे धमकी भरे संदेश पर पड़ी. संदेश में हाईजैक की बात लिखी हुई थी. तुरंत ही पायलट ने ATC को अलर्ट कर दिया, जिससे बड़ा खतरा टल गया.
आइसोलेशन बे में ले जाया गया विमान
धमकी मिलते ही विमान को तुरंत आइसोलेशन बे में शिफ्ट कर दिया गया. CISF और एयरपोर्ट सिक्योरिटी की टीम ने विमान के चप्पे-चप्पे की तलाशी शुरू की. किसी भी संदिग्ध वस्तु के लिए सघन चेकिंग की जा रही है. राहत की बात है कि अभी तक विमान में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है. सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है.
किसने लिखा धमकी भरा संदेश? जांच शुरू
सुरक्षा एजेंसियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है. टॉयलेट पर धमकी भरा संदेश किसने लिखा, इसका पता लगाया जा रहा है. इसके लिए यात्रियों की लिस्ट, एयरपोर्ट और विमान के अंदर लगे CCTV फुटेज को खंगाला जा रहा है. पुलिस और खुफिया एजेंसियां हर एंगल से पड़ताल कर रही हैं.
4 दिन पहले IndiGo फ्लाइट में भी मिली थी धमकी
ये कोई पहला मामला नहीं है. 7 नवंबर को बेंगलुरु से लखनऊ जा रही IndiGo की फ्लाइट 6E-451 में भी ऐसा ही धमकी भरा नोट मिला था.बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा एयरपोर्ट से उड़ान भरने के बाद क्रू को नोट मिला, जिसके बाद पायलट ने तुरंत अधिकारियों को सूचना दी और सेफ्टी प्रोटोकॉल के तहत फ्लाइट को वापस बेंगलुरु मोड़ दिया. टर्मिनल-1 पर लैंड करते ही सुरक्षा एजेंसियों ने विमान को अपने कब्जे में ले लिया था.
इसे भी पढ़ें:-सीएम योगी का बड़ा फैसला, यूपी में दरोगा बने सिपाहियों से 8 लाख की रिकवरी माफ