प्रयागराज। दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग पर यमुना पर प्रयागराज को नैनी से जोड़ने वाले 156 वर्ष पुराने रेल ब्रिज की पूरी कहानी महज पांच मिनट की डाक्यूमेंट्री में संजोई गई है। उत्तर मध्य रेलवे द्वारा इस डाक्यूमेंट्री को अभी हाल ही में तैयार किया गया है। अब जीएम एनसीआर वीके त्रिपाठी द्वारा इसका जल्द ही उद्घाटन किया जाएगा। नैनी रेल ब्रिज की पहचान पुल संख्या-30 के रूप में भी है। 15 अगस्त वर्ष 1865 को अपने जन्म के बाद से यह पुल भारतीय रेल के दिल्ली से हावड़ा और मुंबई से हावड़ा को जोड़ने का कार्य कर रहा है। बता दें कि वर्ष 1859 में प्रयागराज-कानपुर के मध्य पहली ट्रेन के संचालन के साथ उत्तर भारत में रेल यात्रा प्रारंभ हुई थी। रेलव के माध्यम से प्रयागराज से पूर्वी भारत का जुड़ाव नैनी ब्रिज के निर्माण के बाद ही संभव हो सका। नैनी- प्रयागराज में स्थित ब्रिज भारतीय रेल की बेहतर इंजीनियरिंग का एक जीता जागता उदाहरण है।