आगरा। संगमरमरी ताजमहल सूरज की पहली किरण पड़ते ही जिस सुनहरी लालिमा से दमकता है, उसकी झलक पाने को दुनियाभर के सैलानी बेकरार रहते हैं। सैलानी ताज के इस रंग का दीदार कर सकें, इसके लिए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने ताजमहल के समय में बदलाव किया है। सोमवार से ताजमहल सुबह छह बजे से पर्यटकों के लिए खोल दिया गया है। प्रदेश में रात्रि कर्फ्यू सुबह 7 बजे तक लागू होने के कारण ताजमहल सहित स्मारक सुबह सात बजे के बाद ही खोले जा रहे थे। अब रात्रि कर्फ्यू का समय बदलने के बाद सोमवार से सुबह छह बजे से ताज के दरवाजे खोल दिए गए। बता दें कि दुनिया का सातवां अजूबा सूर्योदय और सूर्यास्त के समय सुनहरी आभा लिए नजर आता है। ताज के इस रूप का दीदार करने के लिए दुनियाभर के सैलानी भोर की पहली किरण के साथ ही ताज पर पहुंचते थे। कोरोना संक्रमण के दौर में बंदी के कारण यह संभव नहीं था। रविवार को प्रदेश सरकार ने रात्रि कर्फ्यू के संबंध में नई गाइड लाइन जारी की। इसके बाद भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण ने सोमवार से ताजमहल समेत सभी स्मारकों के दीदार का समय सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक कर दिया है। प्रदेश सरकार की गाइड लाइन के मुताबिक ताजमहल समेत स्मारकों को पर्यटकों के लिए सुबह 6 बजे से खोलने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। पर्यटक पहले की तरह सूर्योदय के समय ताज में प्रवेश कर पाएंगे। टोक्यो ओलंपिक के मद्देनजर एडीए बुधवार से सेल्फी प्रतियोगिता का आयोजन महताब बाग स्थित व्यू प्वाइंट पर कर रहा है। एडीए उपाध्यक्ष डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने बताया कि इसमें कोई भी हिस्सा ले सकता है। यह प्रतियोगिता नि:शुल्क है। प्रतियोगिता के विजेताओं को प्रथम पुरस्कार के रूप में 11 हजार, दूसरे पुरस्कार पर 5100, तीसरे पुरस्कार पर 2100 रुपये दिए जाएंगे। 1100 रूपये के पांच सांत्वना पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए बुधवार को दोपहर 1 से शाम 5.30 बजे तक नि:शुल्क प्रवेश दिया जाएगा। ज्यादा जानकारी के लिए क्रीड़ा अधिकारी सुनील चंद जोशी से 7838571964 पर संपर्क कर सकते हैं।