लखनऊ। डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में रविवार को बड़ा हादसा टल गया। गोमतीनगर स्थित लोहिया इंस्टीट्यूट के बेसमेंट में लगे एसी प्लांट के पैनल में रविवार की दोपहर शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। इससे बेसमेंट में धुआं भर गया। अस्पताल में आग लगने की सूचना से मरीजों व तीमारदारों में हड़कंप मच गया। हालांकि कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत से कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया। लोहिया इंस्टीट्यूट के बेसमेंट में एसी प्लांट लगा है। रविवार दोपहर करीब तीन बजे एसी प्लांट के पैनल में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। इससे चंद मिनट में ही बेसमेंट में धुआं भर गया। लोहिया इंस्टीट्यूट में आग लगने की खबर से मरीजों व तीमारदारों में हड़कंप मच गया। यहां तक कि कुछ लोग तो बाहर निकलने की तैयारी तक करने लगे। हालांकि कर्मचारियों ने आनन-फानन में अग्निशमन यंत्रों से आग पर काबू पा लिया। आग से कोई नुकसान नहीं हुआ है, सिर्फ पैनल ही जला है। आग लगने की सूचना न तो पुलिस को दी गई और न ही फायर स्टेशन पर।