आगरा। बैराजों से छोड़े जा रहे पानी ने गंगा नदी में बाढ़ के हालात पैदा कर दिए हैं। कासगंज जिले में पिछले 24 घंटों में गंगा नदी का जलस्तर 40 सेंटीमीटर बढ़ गया है। बाढ़ के खतरे से तटवर्ती क्षेत्र के ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई हैं। वहीं प्रशासन और सिंचाई विभाग के अफसरों ने अलर्ट जारी करते हुए निगरानी तेज कर दी है। सिंचाई विभाग की टीमें तटवर्ती क्षेत्रों में पहुंचकर बाढ़ से बचाव के प्रयास कर रही हैं। पहाड़ों और मैदानी इलाकों में हो रही बारिश से बैराजों पर पानी का दबाव बढ़ता ही जा रहा है। बैराजों का यह पानी गंगा नदी के रास्ते आगे की ओर भेजा जा रहा है। बुधवार को गंगा में सामान्य बाढ़ थी तो गुरुवार को जलस्तर बढ़ जाने के बाद लो फ्लड जारी किया गया। बाढ़ के खतरे के मद्देनजर सिंचाई विभाग निरंतर मॉनिटरिंग कर रहा है। हालांकि अभी तक किसी प्रकार का कोई खतरा नहीं पाया गया है, लेकिन तटवर्ती क्षेत्रों के ग्रामीण अभी से बाढ़ को लेकर बेहद चिंतित हैं। सिंचाई विभाग का दावा है कि बाढ़ से निपटने की पूरे इंतजाम हैं।