दिल्ली सहित उत्तर भारत में सर्दी का सितम जारी

नई दिल्ली। दिल्‍ली, पंजाब, हरियाणा समेत पूरे उत्तर भारत में नए साल के पहले दिन से सर्दी का कहर जारी है। दिल्ली-एनसीआर में शनिवार को दिन में धूप खिलने से ठंड से कुछ राहत मिली, लेकिन देर शाम पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम में बदलाव के चलते उच्चतम तापमान में गिरावट आई। रविवार सुबह न्यूनतम तापमान में गिरावट की संभावना है, कई इलाकों में सुबह के समय कोहरा भी छाया रहा। पहाड़ों पर बर्फबारी हुई है, उससे छन के हवाएं चलने के कारण ठिठुरन भी बढ़ेगी।

मौसम विभाग के अनुसार नई दिल्ली के अनुसार शनिवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 19.7 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। बीते दो दिनों से न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के आसपास बना हुआ है। वहीं अधिकतम तापमान 20 डिग्री के आसपास चल रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार रविवार से न्यूनतम तापमान में फिर से गिरावट दर्ज होनी शुरू होगी। तीन जनवरी तक तापमान चार डिग्री तक पहुंचने की संभावना है जो छह जनवरी तक जारी रहेगा। छह जनवरी तक शीतलहर चलने व सर्द दिन रहने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। उत्तर पश्चिम भारत में यह शीतलहर चलेगी, जिसका असर पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश व दिल्ली में रहेगा।

पंजाब, हरियाणा में ठंड जारी:-
पंजाब और हरियाणा के ज्यादातर इलाकों में ठंड का प्रकोप बना हुआ है। पंजाब का बठिंडा न्यूनतम 3.5 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ राज्य में सबसे ठंडा रहा। अमृतसर में शुक्रवार की पारा 4.3 डिग्री तक लुढ़क आया। चंडीगढ़ में 7.1 डिग्री तापमान रहा। इसी तरह हरियाणा के हिसार में 6.6, कैथल में 7.9, करनाल में 8.4 और अंबाला में 8.9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

राजस्थान के कई क्षेत्रों में लुढ़का पारा:-
मौसम विभाग के अनुसार जयपुर, बीकानेर और भरतपुर समेत राजस्थान के कई इलाकों में शनिवार को पारा लुढ़क गया। न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है। शुक्रवार की रात फलोदी में सबसे कम 4.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। बीकानेर, जयपुर समेत कई इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा भी छाया रहा। अगले दो दिन में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री गिरावट आने की संभावना है। इसके साथ ही राज्य के पश्चिमी और उत्तरी क्षेत्र में घना कोहरा भी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *