Lucknow: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए. पुलिस की अनसुनी व अवैध कब्जे से जुड़ी शिकायतों पर सख्त सीएम योगी ने अफसरों को मॉनीटरिंग कर पीड़ितों को न्याय दिलाने का आदेश दिया.
जनता दर्शन के दौरान लखनऊ की एक बच्ची अपनी बूढ़ी मां के साथ पहुंची. उसने सीएम योगी से उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लगाई. छात्रा ने बताया कि उसने इंटरमीडिएट अच्छे अंकों से उत्तीर्ण किया है और वह बीटेक करना चाहती है, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण आगे की पढ़ाई में कठिनाई आ रही है. छात्रा की बात सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने उसकी मार्कशीट देखी और उसे पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह देते हुए लखनऊ के किसी अच्छे संस्थान में प्रवेश दिलाने का आश्वासन दिया.
जनता दर्शन में कुछ फरियादियों ने पुलिस की कथित लापरवाही और अवैध कब्जों से संबंधित मामलों में उचित कार्रवाई नहीं होने की शिकायत की. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निष्पक्ष जांच कर पीड़ितों को न्याय दिलाने तथा दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने फरियादियों को समस्याओं के शीघ्र समाधान का भरोसा भी दिलाया.
कुछ फरियादी ऐसे भी आए, जो सीधे ‘जनता दर्शन’ में पहुंचे. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूछा कि आपने जनपद के किस अधिकारी के समक्ष अपनी बात रखी. इस पर कुछ फरियादियों ने कहा कि हम सीधे यहीं आ रहे हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गर्मी बेतहाशा पड़ रही है. आप सभी अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखें और सबसे पहले अपनी शिकायतें जनपद, मंडल स्तर के अधिकारियों से करें. कई समस्याओं का समाधान वहीं से हो जाएगा.
इसे भी पढ़ें:-क्या आज फिर बढ़े LPG के दाम? जानें आपके शहर में अब कितने का हुआ सिलेंडर