Weather update: देश के कई राज्यों में आज भी झमाझम बारिश के आसार हैं. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, यूपी, दिल्ली, बिहार, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर समेत 19 राज्यों में अगले तीन दिनों तक तेज बारिश और आंधी की संभावना है. पूर्वी भारत में बिजली गिरने के साथ-साथ वज्रपात का खतरा है. कुछ जगहों पर 70-75 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.
दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली में आज आसमान में बादल छाए रहेंगे. सुबह से दोपहर के बीच कुछ जगहों पर हल्की बारिश की संभावना है. ज़्यादातर जगहों पर न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास रहेगा. वहीं, 27 अगस्त को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे. दोपहर के समय बहुत हल्की बारिश की संभावना है. ज़्यादातर जगहों पर न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास रहेगा. दिन 25 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती है.
यूपी के कई जिलों में होगी भारी बारिश
यूपी के कई जिलों में झमाझम बारिश जारी है. मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक अंबेडकर नगर, अमेठी, अयोध्या, आजमगढ़, बागपत, बलिया, बांदा, बस्ती, चंदौली, चित्रकूट, देवरिया, गाजीपुर, गोंडा, गोरखपुर, हमीरपुर, जौनपुर, झांसी, कुशीनगर, महोबा, मऊ, मेरठ, मुजफ्फरनगर, प्रतापगढ़, संत कबीर नगर, शामली, सुल्तानपुर और वाराणसी जैसे जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. यहां हवा की रफ्तार 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने की संभावना है.
बिहार का मौसम
बिहार के पटना, मुजफ्फरपुर, दरभंगा,भागलपुर समेत कई जिलों में तेज बारिश और आंधी की आशंका है. यहां हवा की रफ्तार करीब 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है और बिजली गिरने का भी खतरा रहेगा. पटना में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.
केरल में भारी बारिश से भूस्खलन का खतरा
केरल में भी भारी बारिश ने चिंता बढ़ा दी है. उत्तरी कन्नूर जिले के कुछ हिस्सों में बारिश के कारण भूस्खलन हुआ है. इलायवूर में राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण स्थल पर सुरक्षा दीवार गिरने के बाद स्थिति बिगड़ी. यातायात भी प्रभावित हुआ है. जिला प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में गैर-जरूरी आवाजाही से बचने की सलाह दी है.
पहाड़ों पर बारिश का जोर, हवाओं का भी अलर्ट
उत्तराखंड में बागेश्वर, चंपावत, देहरादून, पिथौरागढ़, ऋषिकेश, हरिद्वार और टिहरी गढ़वाल में भारी बारिश की चेतावनी है. यहां हवा की रफ्तार 55 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश के दौरान भूस्खलन और सड़क पर मलबा आने का खतरा बढ़ जाता है. हिमाचल प्रदेश में सोलन, कांगड़ा, ऊना, लाहौल-स्पीति, मंडी, कुल्लू और बिलासपुर समेत कई इलाकों में तेज बारिश की आशंका है. यहां 55 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. शिमला में अधिकतम तापमान करीब 26 डिग्री और न्यूनतम 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
इसे भी पढ़ें:-Gold Price: सोने की कीमतों पर लगा ब्रेक, चांदी के गिरे भाव, जानें आज का रेट