चोरबागान हादसे में घायलों से मिलने अस्पताल पहुंचे गृह मंत्री अमित शाह, पूजा समिति के सचिव-उपाध्यक्ष सहित 7 गिरफ्तार

Kolkata: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कोलकाता के कालीघाट में दुर्गा मंदिर में दर्शन के बाद चोरबागान दुर्गा पंडाल हादसे के पीड़ितों से मिलने अपोलो अस्पताल पहुंचे, उनके साथ मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी मौजूद रहे, उन्होंने अस्पताल में भर्ती घायलों से मिलकर उनका हाल जाना, बता दें कि चोरबागान दुर्गा पंडाल में मची भगदड़ में 19 लोगों की मौत हो गई थी, इससे पहले अमित शाह ने कालीघाट स्थित दुर्गा मंदिर में दर्शन किए, वहीं, भगदड़ के मामले में पुलिस ने पूजा समिति के सचिव और उपाध्यक्ष समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार लोगों में पूजा समिति के सचिव और उपाध्यक्ष के अलावा बांस का ढांचा बनाने, भीड़ नियंत्रित करने, VIP पास की जांच करने और निजी सुरक्षा व्यवस्था संभालने से जुड़े लोग शामिल हैं। पुलिस की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राज कुमार सेवड़ा उर्फ राजा (48), शांतनु दुबे (55), बिप्लब मुखर्जी उर्फ जॉय (48), कौशिक साहा (53), पिंटू डे (51), सुमन चक्रवर्ती (30) और राजेश पाल (29) के रूप में हुई है।

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, अचानक बारिश शुरू होने के बाद लोग बचने के लिए पंडाल के अंदर जाने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान एग्जिट गेट के पास भीड़ का दबाव बढ़ गया और मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती इनपुट में प्राइवेट सिक्योरिटी एजेंसी की ओर से सीटी बजाने और माइक पर वीआईपी पास से संबंधित घोषणा किए जाने का भी जिक्र किया गया है। पंडाल के एंट्री और एग्जिट मार्गों की चौड़ाई, भीड़ प्रबंधन तथा सुरक्षा इंतजामों की जांच भी की जा रही है।

इससे पहले  गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार सुबह कालीघाट मंदिर में पूजा-अर्चना की और फिर अपोलो अस्पताल पहुंचे, बता दें कि नॉर्थ कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में शनिवार शाम बारिश के बीच अचानक भीड़ बढ़ने से भगदड़ मच गई थी, जिसमें कम से कम 19 लोगों की मौत हो गई और 25 अन्य घायल हो गए। पश्चिम बंगाल के दो दिवसीय दौरे पर आए अमित शाह ने इस हादसे के बाद दुर्गा पूजा पंडालों में जाने के अपने निर्धारित कार्यक्रम रद्द कर दिए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *