Country: गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई को अहमदाबाद की साबरमती सेंट्रल जेल में एक विशेष सुरक्षा वाले ब्लॉक में स्थानांतरित किया गया है, इस ब्लॉक को ‘200 खोली’ या ब्लॉक 200 के नाम से जाना जाता है, यहां आतंकवाद और दूसरे गंभीर अपराधों में आरोपी या दोषी 200 कैदियों को रखा जाता है, इस जगह की सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी है और कैदियों की आवाजाही पर सख्त नियंत्रण रहता है।
बता दें कि इस ब्लॉक को चार अलग-अलग हिस्सों में बांटा गया है, हर हिस्से में 50 कैदियों को रखने की व्यवस्था है, ताकि उनके बीच संपर्क सीमित रहे और वे एक-दूसरे की कोठरियों तक न पहुंच सकें, जानकारी के मुताबिक, लॉरेंस की कोठरी करीब 7.5 फीट लंबी और 11 फीट चौड़ी है।
जेल के अंदर से नेटवर्क चलाने पर रोक लगाने की कोशिश
लॉरेंस बिश्नोई को ब्लॉक 200 में भेजने के पीछे उसकी गतिविधियों पर निगरानी और नियंत्रण बढ़ाने की सुरक्षा रणनीति को अहम माना जा रहा है, इस ब्लॉक में 2008 के सीरियल ब्लास्ट मामले में दोषी ठहराए गए कैदी भी बंद हैं, यह जेल का ऐसा हिस्सा है, जहां गंभीर मामलों से जुड़े कैदियों को कड़ी निगरानी में रखा जाता है, पहले लॉरेंस पर जेल में रहते हुए रंगदारी के लिए फोन करने, धमकी भरे ऑडियो और वीडियो संदेश भेजने तथा जेल से इंटरव्यू देने जैसे आरोप लगते रहे हैं, जांच से जुड़े अधिकारियों के अनुसार, पिछले दो वर्षों में उसकी ओर से सीधे फोन कॉल या बातचीत किए जाने की कोई जानकारी सामने नहीं आई है।