UP News: उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले के इंदरगढ़ थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. तिर्वा-इंदरगढ़ रोड पर कचाटीपुर गांव के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन (थार कार बताई जा रही है) ने बाइक सवार चार दोस्तों को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है.
एक ही गांव के थे चारों दोस्त
मृतकों की पहचान आगौस गांव निवासी 35 वर्षीय विजय कुमार, 28 वर्षीय मनीष कुमार सविता और 45 वर्षीय वेदराम पाल के रूप में हुई है. घायल 30 वर्षीय आशीष कुमार सविता को पहले राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा ले जाया गया, हालत नाजुक होने पर कानपुर रेफर कर दिया गया है.बताया जा रहा है कि चारों दोस्त एक ही बाइक पर सवार होकर विशेनेपुर्वा गांव किसी काम से जा रहे थे. रात करीब 11:30 बजे कचाटीपुर के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें रौंद दिया और फरार हो गया.
पुलिस खंगाल रही CCTV
इंदरगढ़ पुलिस ने बताया कि टक्कर मारने वाला वाहन थार बताया जा रहा है, लेकिन अभी पुष्टि नहीं हुई है. घटनास्थल के आसपास के सभी CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. गांव में हादसे के बाद मातम पसरा है.
इसे भी पढ़ें:-13 नवंबर से शुरू होगा महापर्व, घाटों पर पटाखे और निजी नावों पर रोक, प्रशासन अलर्ट