CM योगी ने जनगणना-2027 के दूसरे चरण की शुरुआत की, बोले- कोई भी पात्र व्यक्ति न छूटे

Lucknow: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लोक भवन सभागार में जनगणना-2027 के दूसरे चरण के तहत स्वगणना और घर-घर गणना अभियान की शुरुआत की।

इस मौके पर CM योगी ने कहा कि अगले दशक में विकास की तस्वीर जनगणना के आंकड़ों से तय होगी। किस क्षेत्र में स्कूल-अस्पताल, सड़क की जरूरत है और किन वर्गों तक योजनाओं का लाभ नहीं पहुंचा, इसका खाका सटीक जनगणना से ही बनेगा। उन्होंने कहा कि गणना में कोई भी पात्र व्यक्ति छूटना नहीं चाहिए, वरना वह योजनाओं से वंचित रह जाता है।

विकास योजनाएं अनुमान पर नहीं, वास्तविक जरूरतों पर बननी चाहिए। मुसहर समाज का उदाहरण देते हुए CM ने कहा कि अगर पहले की जनगणनाओं में उनकी सही स्थिति दर्ज होती तो उन्हें पहली पंचवर्षीय योजना से ही लाभ मिलता। 2017 के बाद ऐसे वंचित वर्गों के लिए अलग योजनाएं बनाई गईं।

वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि कोरोना के कारण 2021 में जनगणना नहीं हो सकी थी। उन्होंने सही जानकारी देने की अपील की।

मुख्य जनगणना अधिकारी शीतल वर्मा ने बताया कि जनगणना-2027 डिजिटल हो रही है। पहले चरण में मकानों की लिस्टिंग पूरी हो चुकी है। दूसरे चरण में हर व्यक्ति से 40 सवाल पूछकर आंकड़े जुटाए जाएंगे। जानकारी पूरी तरह गोपनीय रहेगी। जिलाधिकारी रोज आधे घंटे समीक्षा करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *