Ayodhya: उत्तर प्रदेश के अयोध्या में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 19 मार्च को वर्ष प्रतिपदा के अवसर पर राम नगरी अयोध्या पहुंचेंगी. इस दौरान वे राम मंदिर अयोध्या परिसर में आयोजित विशेष धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होकर श्री राम यंत्र का विधि-विधान से पूजन करेंगी. कार्यक्रम को लेकर मंदिर ट्रस्ट और प्रशासन दोनों अलर्ट मोड में हैं. इसको लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है.
श्री राम यंत्र स्थापना कार्यक्रम का होगा लाइव प्रसारण
19 मार्च को राम मंदिर में आयोजित श्री राम यंत्र की स्थापना का लाइव प्रसारण किया जाएगा. मंदिर परिसर में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का लगभग चार घंटे का कार्यक्रम प्रस्तावित है. इसमें राम मंदिर के भूतल पर श्री रामलला और प्रथम तल पर राम दरबार का दर्शन-पूजन करेंगी. उसके बाद द्वितीय तल पर श्री राम यंत्र की स्थापना कर, आमंत्रित अतिथियों को संबोधित भी करेंगी. इस दौरान इस पूरे कार्यक्रम का दूरदर्शन के माध्यम से लाइव प्रसारण किया जाएगा. एक दिन पहले यानी 18 मार्च को श्री राम यंत्र को विधिवत तरीके से राम मंदिर के तृतीय तल के गर्भगृह में स्थापित कर दिया जाएगा.
देश भर से अयोध्या पहुंचेगे अथिति
कार्यक्रम में देशभर से बड़ी संख्या में आमंत्रित अतिथि अयोध्या पहुंचेंगे.. निधि समर्पण अभियान से जुड़े उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के करीब 3500 कार्यकर्ता इस आयोजन में शामिल होंगे. इसके अलावा राम मंदिर निर्माण से जुड़े इंजीनियर, सलाहकार, आर्किटेक्ट और शिल्पकारों समेत लगभग 1500 विशिष्ट अतिथियों को भी आमंत्रित किया गया है.
सजावट से लेकर सफाई तक खास इंतजाम
नगर के सभी अंडरपास, बृहस्पति कुंड, लता चौक, राम की पैड़ी, सरयू तट पर सजावट के खास इंतजाम किया जा रहा है. इसके साथ ही अतिथियों के ठहरने के लिए चिन्हित किए गए स्थलों, वाहन पार्किंग स्थलों, भंडारा स्थलों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डा, टैक्सी स्टैंड पर विशेष सफाई अभियान चलाने का निर्णय किया गया है. खास तौर पर 20 पार्किंग स्थलों पर प्रकाश के खास इंतजाम किए जाएंगे.
सांस्कृतिक कार्यक्रम के मंचन की व्यवस्था
साढ़े आठ किलोमीटर लंबे आवागमन मार्ग पर सफाई, मोबाइल टॉयलेट एवं पेयजल के लिए टैंकर उपलब्ध रहने का निर्णय लिया गया. मार्ग पर लगभग 20 जगह सांस्कृतिक कार्यक्रम के मंचन की व्यवस्था होगी, जहां सफाई और पेयजल का विशेष इंतजाम रखना होगा. इस मार्ग को पौधों से भी सजाया जाएगा. भंडारा स्थल पर पेयजल की व्यवस्था और सफाई के लिए कर्मचारी तैनात करने का निर्देश दिया गया.
इसे भी पढ़ें:-दिल्ली-कानपुर हाईवे पर बस-ट्रक की टक्कर, चालक की मौत, कई यात्री घायल