Ghazipur: भाजपा के पूर्व विधायक कृष्णानंद राय की पुण्यतिथि पर 29 नवंबर को मोहम्मदाबाद स्थित शहीद पार्क में शहादत दिवस के रूप में भव्य श्रद्धांजलि सभा का आयोजन होगा. कार्यक्रम की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं. इस श्रद्धांजलि सभा में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, प्रदेश सरकार के मंत्री ओमप्रकाश राजभर और दयाशंकर सिंह समेत कई बड़े नेता शामिल होंगे. आयोजकों को उम्मीद है कि इस बार भी हजारों की संख्या में लोग पहुंचकर दिवंगत विधायक को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे.

21 साल पहले हुआ था वो खौफनाक हमला
29 नवंबर 2005 को भांवरकोल ब्लॉक के सियाड़ी गांव में क्रिकेट प्रतियोगिता का उद्घाटन करने के बाद कृष्णानंद राय अपने काफिले के साथ बसनिया चट्टी की ओर जा रहे थे. तभी पहले से घात लगाए हमलावरों ने काफिले पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी थी. इस हमले में कृष्णानंद राय समेत कुल सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी.
इस घटना ने पूर्वांचल हिलाकर रख दिया था
मरने वालों में पूर्व ब्लॉक प्रमुख श्यामा शंकर राय, भाजपा मंडल अध्यक्ष रमेश राय, अखिलेश राय, शेषनाथ पटेल, मुन्ना यादव और निर्भय नारायण शामिल थे. हत्याकांड की क्रूरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पोस्टमार्टम के दौरान कृष्णानंद राय के शरीर से 65 गोलियां निकली थीं. इस घटना ने उस समय पूरे प्रदेश को हिलाकर रख दिया था.
क्यों खास है ये शहादत दिवस?
कृष्णानंद राय सिर्फ एक विधायक नहीं थे, वो मोहम्मदाबाद की आवाज थे. उनकी पत्नी अलका राय ने भी बाद में विधायक बनकर उनके अधूरे कामों को आगे बढ़ाया. आज भी मोहम्मदाबाद के लोग उन्हें अपने नेता नहीं, अपने परिवार का सदस्य मानते हैं. 29 नवंबर को शहीद पार्क में सिर्फ श्रद्धांजलि नहीं दी जाएगी, बल्कि उन सातों शहीदों के बलिदान को याद कर पूर्वांचल की राजनीति में उनकी विरासत को भी याद किया जाएगा.
इसे भी पढ़ें:-हर परेशानी में काम आएगा श्रीकृष्ण का ये एक उपदेश, हमेशा सुखी रहेगा जीवन