Ghazipur: जयगुरुदेव धर्म प्रचारक संस्था के मुख्यालय मथुरा से संस्थाध्यक्ष पंकज जी महाराज के सानिध्य में अच्छे समाज के निर्माण के लक्ष्य को लेकर निकली जनजागरण यात्रा का पड़ाव कल सायंकाल थाना जंगीपुर के ग्राम पिपरही विशुनपुर में किया। पुष्प वर्षा, दीप प्रज्वलित कलशों, बैण्ड बाजा के साथ यात्रा का उल्लासपूर्ण स्वागत हुआ। आज यहां आयोजित सत्संग सभा में पंकज जी महाराज ने कहा कि बहुत से लोगों का जीवन ‘‘दिवस गंवाया खाय के, रात गंवाई सोय, हीरा जनम अमोल था, कौड़ी बदले जाय।’’ इस प्रकार बीत रहा है। यह मानव जीवन अनमोल मिला हुआ है यदि इससे आत्मकल्याण न कराया तो यह दुबारा मिलने वाला नहीं है, अब इसको बर्बाद न करें, आत्मा दोनों आंखों के मध्य भाग में विराजमान है।
इस कलयुग में दयालु प्रभु ने सन्तों को भेजा। उन्होंने आकर जीवों को बताया, तुम सतनाम रूपी समुद्र की एक बूंद हो और उस समुद्र में मिलना जीवन का लक्ष्य है। उन्होंने पिछले युगों की साधनाओं को रोककर कलयुग की सरल साधना सुरत शब्द योग (नाम योग) जारी किया। कलयुग में मनुष्य की आयु घट गई, शारीरिक क्षमता घट गई, मन की चंचलता बढ़ गई और अन्न में प्राण चला आया। इसलिये पूर्व के युगों की साधना रोककर सुमिरन, ध्यान, भजन का सरल रास्ता जारी किया। जिसका प्रचार परम सन्त बाबा जयगुरुदेव जी ने अथक परिश्रम और आध्यात्मिक शक्ति का सहारा देकर बीस करोड़ लोगों को इस मार्ग पर लगाया।
उन्होंने बताया कि महापुरुषों के वचनों व उपदेशो से दूर होकर अशुद्ध खान-पान में लोग लिप्त हो गये। इसके सम्बन्ध में बाबा जी ने चेतावनी दे रखी है कि हिंसा, अपराध और अशुद्ध खान-पान का रास्ता नहीं बदला तो इसका बहुत दुःखद परिणाम भोगना पड़ेगा। इससे बचने का उपाय क्या आपने सोचा? सारे विश्व की जो परिस्थति बन रही है उसका भयावह परिणाम सबको भोगना पड़ेगा। हमारी आप सबसे अपील है कि मांसाहार और शराब आदि नशा को पीना छोड़कर अच्छा आचरण अपनायें और समाज को अच्छा बनाने में भागीदार बनें। गांव-गांव में भजन केन्द्र स्थापित करें, नित्य भजन करें। इससे परस्पर सद्भावना आयेगी और झगड़े समाप्त होंगे और भगवान की दया मिलेगी। महाराज जी ने सभी आगन्तुकों का आभार व्यक्त किया तथा सबके सुखद जीवन की मंगल कामना किया। शांति व्यवस्था में पुलिस प्रशासन ने सहयोग किया।
इस अवसर पर इन्द्रदेव यादव, कुमकुम यादव, बसन्त यादव, रामनवल यादव, सहयोगी संगत बाराबंकी के रामचन्द्र यादव, राममिलन फौजी, गौरी शंकर वर्मा, मु. ईशा, राजकिशोर आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम के बाद जनजागरण यात्रा थाना कोतवाली ब्लाक सदर के ग्राम औरंगाबाद के लिये प्रस्थान कर गई। यहां कल (आज) दोपहर 12 बजे सत्संग संदेश आयोजित है।