Ghazipur: देश में आध्यात्मिक क्रान्ति का बिगुल बजाने वाले, जीते जी प्रभु की प्राप्ति का भेद बताने वाले युग महापुरुष परम सन्त बाबा जयगुरुदेव जी महाराज के उत्तराधिकारी एवं जयगुरुदेव धर्म प्रचारक संस्था, मथुरा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूज्य पंकज जी महाराज की जनजागरण यात्रा कल ग्राम भोजपुर (भोजापुर) में पड़ाव किया। भारी संख्या में भाई-बहनों ने दीप प्रज्वलित कर, कलशों, पुष्पवर्षा तथा गाजे-बाजे के साथ काफिला का स्वागत किया। आज दोपहर 12 बजे से यहां आयोजित सत्संग समारोह में सन्त पंकज जी महाराज ने कहा कि यह सत्संग है, कोई कथा कीर्तन नहीं, गाना बजाना नहीं। यह महात्माओं की अजर-अमर वाणियां हैं।
इससे निश्चय ही आपको मानव जीवन के उद्देश्यों के बारे में पता चलेगा कि आखिर यह मुनष्य शरीर हमको क्यों मिला, कैसे हमारी जीवात्मा का कल्याण होगा। सत्संग में गुरु की महिमा, समाजोत्थान, प्रभु की प्राप्ति का सुलभ मार्ग बताने का कार्य किया जाता है। महाराज जी ने कहा कि मनुष्य शरीर साधना का धाम है। दोनों आंखों के बीच में जीवात्मा की बैठक है। जीवात्मा में तीसरी आंख और कान है, जिसको सद्गुरु द्वारा बताये तरीके से हम साधन-भजन करके खोल सकते हैं। इसके खुलते ही हम ऊपरी लोकों, वहां से आ रही आवाजों को सुन सकते हैं। आपके पूर्व जन्मों में किये गये कर्मों व उनसे मिलने वाले परिणाम को देख सकते हैं। साथ ही अपने आसपास सम्बन्धियों के भी भूत भविष्य जानने के साथ ही यह भी जान सकते हैं कि इस जन्म में उनसे हमारा सम्बन्ध किस कर्म औऱ कर्ज को उतारने के लिये बना है।
प्रभु ने हमें पाप-पुण्य करने की आजादी दी है। लेकिन उन कर्मों के बदले फल देने का अधिकार अपने हाथ में रखा है। इसी विधान के चलते हम कर्मों के बन्धन में पड़कर इस मृत्यु लोक में 84 लाख योनियों में भटक रहे हैं। इन कर्मों की मैल जो हमारी जीवात्मा पर पड़ी है, की सफाई के लिये हमें सुरत शब्द नाम योग की साधना करके महात्मा जिन्होंने प्रभु को पा लिया है उनसे रास्ता लेकर साधन भजन करना पड़ेगा। तभी हम इस जन्म-मरण के चक्र से छुटकारा पाकर अपने घर पहुंच सकते हैं। महाराज जी ने हाथ में माला लेकर सुमिरन, ध्यान, भजन कैसे करें, उपस्थित जनसमूह को विस्तार से बताया। शाकाहारी रहने, नशा त्याग व सदाचारी जीवन बिताने का आह्वान किया। स्वयं इसका पालन करने के साथ-साथ लोगों को भी इसके लिये प्रेरित करने को कहा। इस अच्छे समाज के निर्माण में आपका बहुत बड़ा सहयोग होगा।
महाराज जी ने आगामी 3 से 5 मार्च तक जयगुरुदेव आश्रम मथुरा पर होने वाले होली सत्संग मेले में भाग लेने के लिये सबको आमंत्रित किया। शांति व्यवस्था में पुलिस प्रशासन का सहयोग रहा।
इस अवसर पर इन्द्रदेव यादव, महेश यादव, मुन्नीलाल पाल, चन्द्रमोहन, ओम प्रकाश यादव, कैलाष नाथ यादव, सहयोगी संगत लखनऊ के फूल कुमार यादव, बाबूलाल रावत, केवल चन्द यादव, अशोक यादव, बृजेष सिंह यादव, चन्द्र पाल यादव, किरन आदि मौजूद रहे। सत्संग के बाद जनजागरण यात्रा अपने अगले पड़ाव परसौली खेल मैदान वि.ख. जखनिया के लिये प्रस्थान कर गई। यहां कल (आज) दोपहरगु 12 बजे से सत्संग समारोह आयोजित है।