प्रेम सद्भाव में रहकर भगवान को करें याद: पंकज जी महाराज

Ghazipur: जयगुरुदेव धर्म प्रचारक संस्था, मथुरा के राष्ट्रीय अध्यक्ष संत पंकज जी महाराज अपनी 83 दिवसीय गाजीपुर की जनजागरण यात्रा के क्रम में कल सायंकाल ब्लाक जखनिया के भुड़कुड़ा मठ की पश्चिम बाग में रात्रि के समय पड़ाव किया। सर्वप्रथम आज गणतन्त्र दिवस के अवसर पर जयगुरुदेव कैम्प भुड़कुड़ा मठ की पश्चिमी बाग में जयगुरुदेव आश्रम मथुरा के प्रबन्धक संतराम चौधरी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। मृत्युन्जय झा प्रा. अध्यक्ष बिहार, युवा संगठन के प्रमुख अखिलेष यादव एडवोकेट ने अपने सम्बोधन में आजादी के संघर्ष व राष्ट्रभक्तों के त्याग, बलिदान को स्रण कराया तथा राष्ट्र सुरक्षा की भावना भरी प्रेरणा दी। 26 जनवरी 1950 को अपना संविधान लागू होने के इतिहास के बारे में बताया।

संस्थाध्यक्ष पूज्य पंकज जी महाराज ने गणतन्त्र दिवस की सबको शुभकामनायें दी। आज यहां आयोजित सत्संग समारोह में सन्त पंकज जी महाराज ने प्रेम सद्भाव से रहने, कुछ समय भगवान की याद में लगाने, शाकाहार-सदाचार अपनाने, शराब आदि नशा को त्यागने, चरित्र उत्थान का संदेश व प्रेरणा देते हुए कहा कि मनुष्य शरीर किराये का मकान है। जिसमें श्वासों की पूंजी गिनकर मिली है। जिस दिन यह पूंजी समाप्त होगी। यह शरीर छूट जायेगा। जीवात्मा के बाहर होते ही यह मिट्टी हो जायेगा। इसे अपने ही सगे सम्बन्धी ले जाकर जला देंगे। मिट्टी में गाड़ देंगे या पानी में बहा देंगे। मृत्यु के सयम कोई भी तुम्हारी मदद नहीं करेगा ‘‘लगी टकटकी कोई दिखे न भाई, ताहि समय जो करे सहाई।

’’ समर्थ सत्गुरु ही ऐसे समय में मदद कर सकते हैं। शरीर छूटते समय लाखों बिच्छू के डंक मारने से भी कई गुना कष्ट होता है, लेकिन सद्गुरु की दया से सत्संगी का शरीर ऐसे छूटता है। जैसे साप केचुल छोड़ कर निकल जाता है। आप विचार करो कि यह अनमोल मानव तन आपको आत्म कल्याण के लिये मिला था जिसे आपको व्यर्थ की सांसारिक चीजों में बिता दिया। ऊपर जीवात्मा धर्मराज की दरबार में पेश कर दी जायेगी। जहां कर्मों का हिसाब पल में हो जायेगा। खोटे बुरे कर्मों को करने वाले जीवों को नर्कों में युगों-युगों तक भयानक सजा दी जाती है।

इस भौतिक लोक के ऊपर लिंग, सूक्ष्म, कारण लोक की रचना है। सन्त महात्मा इस गूढ़ रहस्य को बताते हैं। संत पंकज जी महाराज ने कहा कि हमारे गुरु बाबा जयगुरुदेव जी महाराज ‘‘जयगुरुदेव’’ नाम का जहाज लगाये हैं, अगर सारी दुनिया के जीव उस पर बैठ जांय तो सभी पार हो जायेंगे। एक दिन सारी दुनिया ‘‘जयगुरुदेव’’ बोलेगी। सुमिरन, ध्यान, भजन का रास्ता बताते हुये कहा कि यह रास्ता एकदम सच्चा है। आप करेंगे तो दिखाई भी देगा और सुनाई भी देगा। शाकाहारी रहें, नशा का सेवन न करें तथा सदाचारी जीवन बितायें। इससे लोगों की आंखों में मां, बहन, बेटी की पहचान बनी रहेगी। भविष्य में भयंकर घटनाओं के तूफान आयेंगे, भगवान का भजन ही रक्षा करेगा। आगामी 3 से 5 मार्च को जयगुरुदेव आश्रम आगरा-दिल्ली मथुरा में बाईपास पर आयोजित होने वाले होली सत्संग मेले में आने का निमन्त्रण सभी भाई बहनों को दिया। शांति व्यवस्था में पुलिस प्रशासन का सहयोग रहा।

इस अवसर पर शिवनारायण चौहान, नत्थू यादव, चन्द्रदेव यादव, उदई यादव, कोलम्बस यादव, ममता सहयोगी संगत पटना (बिहार) के सुनील यादव, शंकर यादव, सुधीर कुमार, टुनटुन सिंह, अरुण कुमार, विशु कुमार आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के बाद जनजागरण यात्रा अपने अगले कार्यक्रम हुरमुजपुर ब्लाक सादात के लिये प्रस्थान कर गई। यहां कल (आज) दोप. 12 बजे से सत्संग कार्यक्रम आयोजित है।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *