प्रयागराज में ट्रिपल मर्डर, एक ही परिवार के तीन लोगों की निर्मम हत्या, जांच में जुटी पुलिस

Prayagraj: प्रयागराज के मेजा थाना क्षेत्र में मंगलवार को ट्रिपल मर्डर से सनसनी फैल गई. कुकुरकटवा गांव में सोमवार देर रात एक ही परिवार के तीन बुजुर्ग लोगों के सिर पर भारी वस्तु से प्रहार कर निर्मम हत्या कर दी गई. सुबह घटना की जानकारी होने पर परिजनों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम, फॉरेंसिक विशेषज्ञों और डॉग स्क्वॉड के साथ मौके पर पहुंची और गहन छानबीन शुरू कर दी.

मिली जानकारी के अनुसार, यह वारदात सोमवार देर रात करीब 1 बजकर 30 मिनट के आसपास हुई. मृतकों में दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं, जो एक ही परिवार के थे. प्रथम दृष्टया, बदमाशों ने धारदार हथियार से हमला किया और फिर पीट-पीट कर हत्या की. घटनास्थल की स्थिति से पता चला कि पीड़ितों को दौड़ा-दौड़ा कर मारा गया था. मृतकों की शिनाख्त 65 वर्षीय श्यामलाल उर्फ कल्लू, 62 वर्षीय अमरावती और 60 वर्षीय इंद्रावती के रूप में हुई है.

फिलहाल पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. इस घटना को लेकर मृतकों के परिजनों ने पुलिस को अहम जानकारी दी है. उन्होंने गांव के ही एक युवक पर हत्या का आरोप लगाया है. परिजनों के अनुसार, आरोपी ने करीब एक सप्ताह पहले परिवार को खत्म करने की धमकी दी थी. यह धमकी किसी पुरानी रंजिश के चलते दी गई थी. पुलिस अब इस पहलू पर गहराई से जांच कर रही है.

फील्ड यूनिट, डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर मौजूद रहकर सबूत जुटाने में जुटी है. पुलिस का कहना है कि सभी एंगल से मामले की जांच की जा रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा.

इसे भी पढ़ें:-PM मोदी को स्लोवाकिया ने दिया देश का सबसे बड़ा सम्मान, ‘ऑर्डर ऑफ द व्हाइट डबल क्रॉस (फर्स्ट क्लास)’ से नवाजा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *