बेटा नाम प्रिंस है तो पढ़-लिखकर प्रिंस बनो, 8वीं के छात्र की फरियाद पर पिघले CM योगी, क्रिकेट कोचिंग का दिया वादा

Lucknow: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को लखनऊ में ‘जनता दर्शन’ में एक अलग ही अंदाज में दिखे. हर दिन की तरह लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे थे, लेकिन इस बार एक 8वीं क्लास का मासूम बच्चा सबका दिल जीत ले गया.गोंडा के इटियाथोक के पड़री पारासराय गांव का रहने वाला प्रिंस साहू क्रिकेट खेलने के लिए आर्थिक सहायता और कोचिंग की फरियाद लेकर सीएम के पास पहुंचा था. सीएम ने उसकी पूरी बात सुनी, फिर 4-5 मिनट तक पास खड़े होकर उसकी काउंसलिंग की.

CM योगी ने कहा – खूब खेलो, लेकिन पढ़ाई भी जरूरी

प्रिंस ने सीएम को बताया कि उसके अंदर बचपन से ही क्रिकेट खेलने का जुनून है. वह क्रिकेट में नाम कमाना चाहता है, लेकिन परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण फीस भरने और किट खरीदने में असमर्थ है.इस पर सीएम योगी ने मुस्कुराते हुए कहा -“बेटा तुम्हारा नाम प्रिंस है, इसलिए पढ़-लिखकर ‘प्रिंस’ बनो. हम क्रिकेट में भी तुम्हारा एडमिशन करवा देंगे.”सीएम ने उसे समझाया कि बेटा अभी कक्षा-8 में हो. खेलने के साथ-साथ मन लगाकर पढ़ाई भी करो और अच्छे नंबरों से यह सत्र उत्तीर्ण करो, फिर हम आपका एडमिशन क्रिकेट की कोचिंग में करा देंगे.सीएम की बात सुनकर प्रिंस के चेहरे पर खुशी आ गई. जनता दर्शन में मौजूद सभी लोग इस पल को देखकर भावुक हो गए.

150 लोगों की समस्याएं सुनीं, अधिकारियों को दिए निर्देश

सीएम ‘जनता दर्शन’ में कुर्सियों पर बैठाए गए हर व्यक्ति तक पहुंचे, एक-एक कर उनके प्रार्थना पत्र लिए, फिर समस्याओं को भी सुना. सीएम ने पास में खड़े अधिकारियों को आवश्यक दिशानिर्देश दिए और कहा कि सभी समस्याओं का निस्तारण पूरी संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध, निष्पक्ष और संतुष्टिपरक होना चाहिए.सीएम ने समस्या लेकर पहुंचे लोगों से कहा कि चिंता मत करिए. सरकार हर समस्या पर प्रभावी कार्रवाई कराएगी.

धन के अभाव में नहीं रुकेगा इलाज

सीएम ने आर्थिक सहायता की गुहार लेकर आए लोगों को भरोसा दिया कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा. जो भी जरूरतमंद हैं, एस्टीमेट मिलते ही सरकार उनके लिए तुरंत धन उपलब्ध कराएगी.उन्होंने पुलिस, राजस्व, शिक्षा, बिजली आदि से जुड़ी समस्याओं का प्रार्थना पत्र संबंधित विभागों को भेजकर समाधान के लिए निर्देशित किया.

इसे भी पढ़ें:-तिरुचिरापल्ली में भीषण हादसा, पेड़ से टकराई कार, 8 लोगों की दर्दनाक मौत, PM मोदी और CM विजय ने जताया शोक