Lucknow: यूपी की राजधानी लखनऊ में चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सोमवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक फ्लाइट ने हवा में ही मेडे (Mayday) कॉल जारी कर दी. विमान बागडोगरा से दिल्ली जा रहा था. अचानक विमान में धुआं निकलने की वजह से उसकी इमरजेंसी लैंडिंग हुई. विमान में कुल 148 यात्री सवार थे.
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट संख्या IX 1523 सोमवार शाम करीब 4:58 बजे 36,000 फीट की ऊंचाई पर उड़ान भर रही थी. यह विमान अंबेडकर नगर जिले के ऊपर घाघरा नदी के पास से गुजर रहा था, तभी पायलटों को विमान के एवियोनिक्स पैनल से धुएं जैसी स्थिति का संदेह हुआ. जिसके बाद पायलट ने ATC से अनुमति मांगी और लखनऊ एयर ट्रैफिक कंट्रोल की अनुमति के बाद विमान की सुरक्षित लैंडिंग करवाई गई. विमान में कुल 148 यात्री सवार थे.
यात्रियों में फैला डर, क्रू ने संभाला मोर्चा
फ्लाइट के अंदर मौजूद यात्रियों के मुताबिक, उस समय माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया था. कुछ यात्री घबरा गए और स्थिति को लेकर चिंतित नजर आए. हालांकि, केबिन क्रू ने बेहद संयम और पेशेवर तरीके से स्थिति को संभाला. क्रू मेंबर्स ने तुरंत यात्रियों को ऑक्सीजन मास्क पहनने के निर्देश दिए और उन्हें शांत रहने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने लगातार यात्रियों को भरोसा दिलाया कि स्थिति नियंत्रण में है और जल्द ही सुरक्षित लैंडिंग कराई जाएगी. एक यात्री ने बताया कि “शुरुआत में बहुत डर लगा, लेकिन क्रू ने जिस तरह से हमें संभाला, उससे हमें भरोसा मिला कि हम सुरक्षित हैं.”
इसे भी पढ़ें:-निर्मला सीतारमण ने असम चुनाव के लिए जारी किया BJP का घोषणापत्र, जानिए क्या-क्या वादे किए