Varanasi: वाराणसी हाईवे पर भीषण सड़क हादसा मां विंध्याचल धाम में दर्शन करने के बाद लौट रहे दोस्तों ने सोमवार सुबह प्रयागराज-वाराणसी हाईवे पर ओवरब्रिज के पास स्कॉर्पियो रोकी और सेल्फी लेने लगे। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने गाड़ी और वहां मौजूद लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रूपापुर गांव के पास नेशनल हाईवे-19 पर हुई। जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो में सात लोग सवार थे। सोमवार सुबह करीब 6 बजे सभी ओवरब्रिज पर गाड़ी रोककर नीचे उतर गए थे। बताया जा रहा है कि वे रेलिंग के पास खड़े होकर सेल्फी ले रहे थे, तभी पीछे से आए ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
टक्कर के बाद ओवरब्रिज से नीचे गिरे लोग
बता दें कि टक्कर के दौरान दो लोग ओवरब्रिज से करीब 30 फीट नीचे जा गिरे। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतकों में अमन यादव, गोलू और आलोक मिश्रा के नाम सामने आए हैं। हालांकि, चौथे मृतक की पहचान की प्रक्रिया जारी है। घायलों में कन्हैया यादव और निखिल कुमार की पहचान हुई है, जबकि एक अन्य घायल की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।