आजमगढ़। देवरांचल से होकर गुजरने वाली घाघरा नदी में शारदा बैराज से सात लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। इससे नदी का जलस्तर आजमगढ़ के डिघिया गेज पर लाल निशान के पार पहुंच गया है। जलस्तर में पिछले 24 घंटे के दौरान डिघिया पर 53 व बदरहुंआ में 52 सेमी की बढ़ोत्तरी दर्ज हुई है। जलस्तर बढ़ने से तटवर्ती गांवों के बाढ़ की चपेट में आने की आशंका पैदा हो गई है। बुधवार की शाम आजमगढ़ के डिघिया गेज पर नदी का जलस्तर 70.07 मीटर दर्ज किया गया था, जो बृहस्पतिवार को बढ़कर 70.60 मीटर हो गया। बदरहुआ गेज पर बुधवार को नदी का जलस्तर 70.71 मीटर दर्ज किया गया था, जो बृहस्पतिवार को बढ़कर 71.23 मीटर हो गया। बाढ़ खंड कार्यालय के मुताबिक बुधवार को शारदा बैराज से साढ़े चार लाख क्यूसेक और बृहस्पतिवार को ढाई लाख क्यूसेक पानी डिस्चार्ज हुआ। पहाड़ों पर लगातार हो रही बारिश व बनबसा, शारदा बैराज से रिलीज किए जा रहे पानी से घाघरा नदी का जलस्तर रोजाना बढ़ रहा है। बृहस्पतिवार को नदी का जलस्तर डिघिया नाले पर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया। इससे आसपास के गांवों के लोग चिंतित हैं। नदी का जलस्तर बढ़ने से ग्रामीणों और पशुओं की परेशानी बढ़ गई है। नदी किनारे गांगेपुर, परसिया गांव के पास महुला गढ़वल बंधे के पास भी पानी पहुंच गया और तेजी से गांव की ओर रुख करने लगा है। सबसे ज्यादा परेशानी औघड़ गंज, कुड़ही, अचल नगर, देवारा खास राजा, गांगेपुर, परसिया आदि गांवों के ग्रामीणों को हो रही हैं। गांगेपुर और परसिया क्षेत्र भी बाढ़ की चपेट में आ सकते हैं।