जितिन प्रसाद के भाजपा में शामिल होने पर सीएम योगी ने किया स्वागत

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने पर जितिन प्रसाद का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि इससे पार्टी को मजबूती मिलेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट कर कहा कि कांग्रेस छोड़कर भाजपा के वृहद परिवार में शामिल होने पर जितिन प्रसाद का स्वागत है। जितिन प्रसाद के भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने से उत्तर प्रदेश में पार्टी को अवश्य मजबूती मिलेगी। बता दें कि जितिन प्रसाद ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया है। उन्हें भाजपा नेता व कैबिनेट मंत्री पीयूष गोयल ने पार्टी की सदस्यता दिलाई। भाजपा में शामिल होने पर जितिन ने कहा कि कांग्रेस अब एक व्यक्ति विशेष और वर्ग विशेष की पार्टी रह गई है। इस वजह से काम नहीं कर पा रहा था। मैंने पिछले 8-10 सालों में यह महसूस किया है कि आज देश में अगर कोई असली मायने में संस्थागत राजनीतिक दल है तो भाजपा है। बाकी दल तो व्यक्ति विशेष और क्षेत्र के हो गए, लेकिन राष्ट्रीय दल के नाम पर भारत में कोई दल है तो भाजपा है। उन्होंने कहा कि हमारा देश जिन चुनौतियों का सामना कर रहा है, उसके लिए आज देशहित में कोई दल और कोई नेता सबसे उपयुक्त और मजबूती से खड़ा है, तो वो भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। बता दें कि अगले वर्ष उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में उनका भाजपा में जाना सत्ताधारी दल के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है। दरअसल जितिन प्रसाद उत्तर प्रदेश के बड़े ब्राह्मण चेहरे भले न हों, लेकिन शाहजहांपुर, ललितपुर और आसपास के इलाके में उनका आंशिक प्रभाव है और वे वहां भाजपा को लाभ पहुंचा सकते हैं। 2022 के चुनाव को देखते हुए यह कांग्रेस के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *