भारतीय हॉकी टीम का हिस्सा बनेंगी गुरजीत और निशा

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) के प्रयागराज मंडल में तैनात हॉकी खिलाड़ी गुरजीत कौर और निशा आगामी टोक्यो ओलंपिक में भारतीय टीम का हिस्सा बनेंगी। दोनों का चयन 16 सदस्यीय भारतीय महिला हॉकी टीम में हुआ है। इस समय दोनों बंगलूरु में चल रहे शिविर में प्रशिक्षण ले रही हैं। रेलवे की कोच और प्रयागराज हॉकी एसोसिएशन की सचिव पुष्पा श्रीवास्तव ने बताया कि उत्तर मध्य रेलवे की दोनों महिला हॉकी खिलाड़ी गुरजीत और निशा को टोक्यो ओलंपिक 2021 में भाग लेने के लिए भारतीय हॉकी महिला टीम के लिए चुना गया है। निशा और गुरजीत डीआरएम कार्यालय में सीनियर क्लर्क हैं और वर्तमान में प्रयागराज में ही तैनात हैं। निशा मूल रूप से हरियाणा और गुरजीत कौर पंजाब की रहने वाली हैं। गुरजीत कौर इससे पहले भी कॉमनवेल्थ गेम्स और एशियन कप में भारतीय टीम के साथ खेल चुकी हैं। दोनों खिलाड़ियों के चयन पर महाप्रबंधक, उत्तर मध्य रेलवे वीके त्रिपाठी ने बधाई दी है। जीएम ने बताया कि टोक्यो ओलंपिक 2021 में भाग लेने वाली भारतीय हॉकी महिला टीम में गुरजीत और निशा के अलावा रेलवे की दीप ग्रेस एक्का, निक्की प्रधान, नेहा, सुशीला चानू, मोनिका व नवजोत कौर, नवनीत कौर, लालरेम्सियामी, वंदना कटरिया, शर्मिला का भी टीम में चयन हुआ है। टीम में चुनी गईं 16 खिलाड़ियों में से 13 खिलाड़ी भारतीय रेलवे से हैं। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *