मिर्जापुर में गंगा नदी में नहाने गईं सात महिलाएं डूबीं, पांच सुरक्षित, दो की तलाश जारी

वाराणसी। शादी वाले घर में परिजन बरात की वापसी और नई दुल्हन के स्वागत की तैयारी में लगे थे। तभी ऐसी खबर आई कि पूरे परिवार में मातम पसर गया। घर की कुछ महिलाएं बरात वापसी से पहले गंगा स्नान के लिए गईं थीं। इस दौरान सात महिलाएं स्नान के दौरान डूबने लगीं। इनमें से पांच को तो किसी तरह से बाहर निकाल लिया गया, लेकिन दो महिलाएं गहरे पानी में उतरा गईं। हालांकि उनकी तलाश जारी है। घटना उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के गोपालपुर गांव की है। घटना के बाद से हड़कंप मचा है। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गयी है। गोपालपुर गांव में रिश्तेदारी में आई महिलाएं बृहस्पतिवार की सुबह गंगा घाट पर स्नान करने गईं थीं। इस दौरान सात महिलाएं डूबने लगीं। स्थानीय महिलाओं ने साड़ी फेंककर पांच महिलाओं को बचाया। दो महिलाएं गहरे पानी में समा गईं। घटना की सूचना पर पहुंची विंध्याचल पुलिस गोताखोरों की मदद से दोनों की तलाश में जुटी है। विंध्याचल थाना क्षेत्र के मड़गुड़ा गोपालपुर गांव निवासी मन्ना बिंद के पुत्र महेश बिंद की शादी थी। बुधवार को बरात जिगना के बिहसड़ा गांव गई थी। बृहस्पतिवार की सुबह बारात लौटने से पहले परिवार की महिलाएं मड़गुड़ा गांव के मल्लहिया घाट पर स्नान करने गईं थीं। स्नान करते समय महिलाएं डूबने लगीं। इसके बाद साड़ी फेंककर पांच महिलाओं को बाहर निकाला गया। दो महिलाओं की तलाश की जा रही है। डूबी महिलाओं में 25 वर्षीय अर्चना पत्नी मनोहर निवासी मझिहार कोतवाली देहात और दूसरी अंतिमा है। सुनीता, बबीता, रेखा, सविता, सरिता को बचाया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों की तलाश कर रही है। इधर, शादी वाले घर में कोहराम मचा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *