चित्रकूट में पर्यटकों को कराएगा त्रेतायुग की अनुभूति, सीएम योगी लगाएंगे पहला पौधा

कानपुर। चित्रकूट जिले में देवांगना हवाई पट्टी के पास रामायण काल के पौधों से राम वन तैयार किया जाना है। इसमें पहला पौधा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चार जुलाई को रोप सकते हैं। अभी उनका प्रोटोकाल नहीं आया है, लेकिन संभावित कार्यक्रम की तैयारी वन विभाग ने शुरू कर दी है। मंगलवार को मुख्य वन संरक्षक बुंदेलखंड जोन झांसी पीपी सिंह ने तैयारियां देखीं। त्रेतायुग की अनुभूति कराने के लिए प्रदेश की योगी सरकार रामायण काल का राम वन तैयार करा रही है। यह देवांगना हवाई पट्टी के नजदीक 35 एकड़ भूमि में बनेगा। इसके अलावा कामदगिरि, लक्ष्मण पहाड़ी और रामशैया के पास भी पौधे रोपे जाएंगे। देवांगना हवाई पट्टी के पास तैयार होने वाले राम वन में चंदन, अशोक, बरगद, आम, पलाश, चमेली, धामन, कुंद, रीठा समेत 88 प्रजाति के पौधे लगाए जाएंगे। मुख्यमंत्री योगी के संभावित कार्यक्रम को लेकर मुख्य वन संरक्षक बुंदेलखंड जोन झांसी ने देवांगना घाटी में राम वन के लिए चिह्नित भूमि का जायजा लिया। कहा कि चार जुलाई को प्रदेश में पौधारोपण का महा अभियान चलाने की तैयारी है। इसकी शुरूआत मुख्यमंत्री चित्रकूट के रामवन से कर सकते हैं। जिला अधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ला ने कहा कि फिलहाल अभी मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की कोई जानकारी नहीं मिली है। वन विभाग अपने राम वन में पौधे तैयार कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *