दिल्ली सरकार ने पद्म पुरस्कारों के लिए केंद्र को भेजे तीन डॉक्टरों के नाम

नई दिल्ली। दिल्ली सरकार की तरफ से पद्म पुरस्कारों के लिए तीन डॉक्टरों के नाम की अनुशंसा की गई है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि सरकार ने लोगों से पद्म पुरस्कारों के लिए सुझाव मांगे, जिसके बाद 9427 लोगों ने 740 चिकित्सा कर्मियों के नामों का सुझाव दिया। उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की अध्यक्षता वाली कमेटी ने सभी सिफारिशों की जांच कर तीन डॉक्टरों के नाम पद्म पुरस्कारों के लिए प्रस्तावित किए हैं। इनमें डॉ. एसके सरीन, डॉ. सुरेश कुमार और डॉ. संदीप बुद्धिराजा का नाम शामिल है। पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आईएलबीएस के वाइस चांसलर डॉ. एसके सरीन ने दुनिया का सबसे पहला प्लाज्मा बैंक शुरू किया। दिल्ली सरकार की सबसे पहली आरटी-पीसीआर जांच सुविधा और जीनोम सीक्वेंसिंग लैब चालू की गई। एलएनजेपी अस्पताल के चिकित्सा डॉ. सुरेश कुमार की देखरेख में एलएनजेपी ने पूरे देश में सबसे ज्यादा 20,500 कोरोना मरीजों का इलाज किया। देश का दूसरा प्लाज्मा बैंक और कोरोना मरीजों की परिजनों से बात कराने के लिए वीडियो कॉन्फ्रेंस सुविधा शुरू की। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मैक्स अस्पताल के निदेशक डॉ. संदीप बुद्धिराजा ने देश का सबसे पहला प्लाज्मा इलाज शुरू किया। दिल्ली के सभी डॉक्टरों, नर्स और पैरामेडिकल स्टाफ की तरफ से इन तीन नामों की पद्म पुरस्कारों के लिए संस्तुति की जा रही है। इन तीनों को पद्म पुरस्कार देकर देश के लोगों की इच्छा पूरी की जाए। केंद्र सरकार हर साल राज्य सरकारों से पद्म पुरस्कार (पद्म श्री, पद्म भूषण और पद्म विभूषण) के नामों की सिफारिश मांगती है। दिल्ली सरकार ने तय किया कि इस बार केवल डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ के नामों की ही अनुशंसा करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *