लोकसभा अध्यक्ष ने जनप्रतिनिधियों से कई मुद्दों पर की चर्चा

जम्‍मू-कश्‍मीर। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने दौरे के तीसरे दिन पूर्वी लद्दाख में सुरक्षा हालात की जानकारी ली। बॉर्डर पर तैनात जवानों का हौसला बढ़ाया। साथ ही पैंगोग झील किनारे लद्दाख के चुने हुए प्रतिनिधियों संग विभिन्न मुद्दों पर बात की। लोकसभा अध्यक्ष पंचायती राज संस्थानों की मजबूती के संबंध में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेने आए हुए हैं। पूर्वी लद्दाख के अग्रिम इलाके चुशुल पहुंचकर लोकसभा अध्यक्ष ने अग्रिम चौकी पर जवानों व सैन्य अधिकारियों से मुलाकात की। विपरीत परिस्थितियों और प्रतिकूल मौसम में भी देश की सेवा व रक्षा के लिए डटे इन जवानों के हौसले को बुलंद किया। उन्होंने कहा कि पूरे देश को जवानों की बहादुरी पर नाज है। पैंगोंग झील के किनारे उन्होंने चुशुल के निर्वाचित प्रतिनिधियों के साथ संवाद किया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने बताया कि अब विकास कार्य धरातल पर दिखने शुरू हुए हैं। लोकसभा अध्यक्ष ने विकास कार्यों पर जनप्रतिनिधियों की पैनी नजर रखने पर जोर देते हुए कहा कि केंद्र शासित प्रदेश बनने के बाद से लद्दाख में 200 से अधिक सांसदों ने दौरा किया है। कई राष्ट्रीय स्तर की परियोजनाएं भी यहां शुरू हो रही हैं। केंद्रीय विश्वविद्यालय भी खुल गया है। लद्दाख अगले कुछ वर्षों में विकास की नई ऊंचाइयां छूएगा। उनके साथ लद्दाख के सांसद जामयांग सेरिंग नामग्याल भी थे। लोकसभा अध्यक्ष का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *