दिल्‍ली में आज बारिश के आसार…

नई दिल्‍ली। देश के कई हिस्सों में अभी भी मानसून का इंतजार है। स्थिति यह है कि किसानों को अब सूखे की भी चिंता सताने लगी है। मौसम विभाग ने राज्यवर रिपोर्ट जारी की है, जिसके बाद बारिश का इंतजार कर रहे उत्तर प्रदेश व बिहार की उम्मीदें बढ़ गई हैं।

भारतीय मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, मध्य प्रदेश से सटे इलाकों में निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। मानसून की ट्रफ रेखा बीकानेर, कोटा, मध्य प्रदेश व अन्य क्षेत्रों से होते हुए पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी की ओर जा रही है। जिससे बिहार व उत्तर प्रदेश में बारिश की प्रबल संभावनाएं हैं।

दिल्ली में मौसम का हाल :-
दिल्ली में उमस और गर्मी से परेशान लोगों को आज राहत मिलने के पूरे आसार हैं। मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी करते हुए मूसलाधार बारिश की संभावना जताई है। तेज बारिश की वजह से अधिकतम व न्यूनतम पारे में भी कमी आने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों ने कहा है कि मानसूनी गर्त उत्तर की दिशा में बढ़ रही है। इस वजह से आगामी दो से तीन दिन तक दिल्ली व आसपास के राज्यों में बारिश का दौर जारी रहेगा।

बुधवार को पंजाब और हरियाणा में भारी बारिश की मौसम विभाग ने चेतावनी दी है। पंजाब के 12 और हरियाणा के 11 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को पंजाब के माझा के अंतर्गत आने वाले पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, दोआबा में होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर और पूर्वी मालवा के लुधियाना, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, रोपड़, पटियाला और मोहाली में भारी बारिश की चेतावनी दी है।

जम्मू-कश्मीर में भी बारिश :-
मानसून के सक्रिय होने के साथ 20 और 21 जुलाई को जम्मू और कश्मीर के कुछ हिस्सों में बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार खराब मौसम की सूरत में संभावित क्षेत्रों में भूस्खलन और बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। इस बीच मौसम साफ रहने से प्रदेश के अधिकतर जिलों में तपिश का अहसास बढ़ा है। दिन का तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री ऊपर चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *