दुनिया के कई देशों में कोरोना फिर से मचा रहा तबाही

नई दिल्ली। चीन सहित दुनिया भर के कई देशों में कोरोना फिर से कहर बरपा रहा है। नवंबर की शुरुआत से वैश्विक स्तर पर कोरोना के मामलों में एकाएक बढ़ोतरी हुई है। कई देशों के अस्पताल मरीजों से भरे हुए हैं और मृतकों की संख्या फिर से रिकॉर्ड तोड़ रही है। वहीं, भारत में कोरोना के मामलों में गिरावट देखी जा रही है।

पांच महीनों से भारत में गिरावट जारी:-  
देश में कोरोना के नए मामलों में बीते पांच महीनों से गिरावट जारी है। साप्ताहिक लिहाज से देखें तो गिरावट 18-24 जुलाई के बाद से शुरू हुई। तब देश में 1.36 लाख नए मामले दर्ज किए गए थे। उसके बाद से सभी सप्ताह में मामलों में गिरावट दर्ज की जाती रही। मार्च, 2020 (16 से 22 मार्च) के बाद से बीते सप्ताह हुईं 12 मौतें भी सबसे कम थीं।

दूसरी तरफ एशिया, यूरोप सहित कई देशों में कोरोना के मामले में भारी उछाल आया है। दो नवंबर को वैश्विक मामले 3.3 लाख थे। इसके बाद से यह लगातार बढ़ रहे हैं। 18 दिसंबर को यह आंकड़ा 55 प्रतिशत बढ़कर 5.1 लाख पहुंच गया।

जापान में कोरोना से बुरा हाल:-  
जापान में कोरोना के मामलों में सबसे अधिक उछाल देखा गया है। बीते सात दिनों में यहां एक मिलियन से भी ज्यादा मामले दर्ज किए गए हैं। यह पिछले सप्ताह से 23% की उछाल है। इस सप्ताह देश में 1,600 से अधिक मौतें हुई हैं, जो करीब 19 प्रतिशत का उछाल है। वहीं, दक्षिण कोरिया ने पिछले सप्ताह 450,000 से अधिक ताजा मामले दर्ज किए गए थे, जो बीते सप्ताह से 9% ज्यादा हैं। इसके अलावा ब्राजील, जर्मनी में भी मामले बढ़ रहे हैं। हांगकांग और ताइवान जैसे देशों में एक लाख नए मामलों की सूचना मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *