रिमझिम बारिश ने दी दिल्‍लीवासियों को राहत

नई दिल्‍ली। शनिवार सुबह से ही दिल्ली में बारिश का दौर जारी है। बारिश के कारण दिल्ली का मौसम खुशनुमा हो गया है। कई क्षेत्रो में हल्की तो कई जगह मध्यम बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। बारिश का यह सिलसिला शुक्रवार से ही शुरू हो गया था। शुक्रवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए थे। लगातार हो रही बारिश के बाद लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिल गई है।

शुक्रवार को दिल्ली-एनसीआर में दिन में उमस के बाद दोपहर बाद मौसम में बदलाव होने लगा था। अचानक काले बादल छा गए और बारिश होने लगी थी। यह बारिश रुक-रुक कर अभी भी जारी है। शुक्रवार को एक घंटे के भीतर ही दिल्ली में 3.9 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। साथ ही दिल्ली में अभी तक जुलाई में 220 मिमी बारिश से अधिक दर्ज की जा चुकी है।

सामान्य तौर पर जुलाई में दिल्ली में 210.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की जाती है। ऐसे में दिल्ली में इस समय बारिश का पूरा कोटा हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटे में अधिकतम तापमान सामान्य से एक कम 33.9 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य के बराबर 27 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी का स्तर 69 से 98 फीसदी रहा। मौसम विभाग के अनुसार, आज अधिकतम तापमान 33 व न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *