देश में बना पहला जियो साइंस म्यूजियम, बहुत से सवालो का मिलेगा आसानी से जवाब

ग्वालियर। 35 करोड़ की लागत से देश का पहला जिओ साइंस म्यूजियम ग्वालियर में बनकर तैयार हो गया है। इस म्यूजियम को ग्वालियर के हृदय स्थल महाराज बाड़ा स्थित हेरिटेज विक्टोरिया बिल्डिंग में तैयार किया गया है। इस म्यूजियम में दो गैलरिया हैं। पहली गैलरी इवोल्यूशन ऑफ अर्थ और दूसरी गैलरी इवोल्यूशन ऑफ लाइफ के बारे में जानकारी देगी। ग्वालियर नगर निगम की मदद से खनन मंत्रालय और जियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया ने मिलकर इस म्यूजियम को तैयार किया गया है।

ग्वालियर के हृदय स्थल महाराज बाड़े पर नजर आ रही यह ऐतिहासिक विक्टोरिया बिल्डिंग है, जिसमें देश का पहला जिओ साइंस म्यूजियम तैयार किया गया है। 9 मार्च 2019 को केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने इस म्यूजियम का शिलान्यास किया था। इस म्यूजियम के द्वारा आपको उन सवालों के जवाब बेहद ही आसानी से मिल जाएंगे जो हर किसी के मन में आज भी उठते हैं। जैसे पृथ्वी का जन्म कैसे हुआ? पृथ्वी का सेंट्रल कोर कैसा होता है? यदि पृथ्वी के केंद्र बिंदु में पहुंचना हो तो वहां पर कैसे पहुंचेंगे और क्या-क्या होगा? पृथ्वी पर जीव की उत्पत्ति कैसे हुई? ज्वालामुखी कैसे एक्टिव होते हैं? जब भूकंप आता है तब क्या होता है? पृथ्वी पर डायनासोर कैसे खत्म हुए? ऐसे तमाम सवालों से जुड़ी जानकारी ग्वालियर में तैयार हुए जियो साइंस म्यूजियम में समझना आसान होगा।

उम्मीद की जा रही है कि आने वाले 6 महीने में यह गैलरी भी पूरी तरह से तैयार हो जाएगी। जियो साइंस म्यूजियम को लेकर ग्वालियर के नगर निगम आयुक्त किशोर कुमार कन्याल ने बताया है कि  इस म्यूजियम के द्वारा ग्वालियर को देशभर में पहचान मिलेगी। इसके साथ ही ज्यादा से ज्यादा लोग इस म्यूजियम को देखें और इसके जरिए अपनी नॉलेज को बढ़ाएं इसको देखते हुए ग्वालियर नगर निगम ने बैठक के द्वारा तय किया है कि म्यूजियम को देखने के लिए आम व्यक्ति को महज 25 रुपये और स्टूडेंट को केवल 10 रुपए देने होंगे। म्यूजियम के फर्स्ट फेज में पहली गैलरी तैयार होने पर निरीक्षण करने पहुंचे जीएसआई के महानिदेशक डॉ एस राजू ने बताया कि पहली गैलरी तैयार होने के बाद यही उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही दूसरे फेज में दूसरी गैलरी को तैयार कर लिया जाएगा। तथा अप्रैल के महीने में ही इस म्यूजियम को आम लोगों को समर्पित करते हुए इसका शुभारंभ देश की बड़ी शख्सियत से कराए जाने की योजना है। इस म्यूजियम की यूं तो बहुत सारी खासियत है, लेकिन यहां पर ऐसी दुर्लभ चीजें भी मौजूद है जो देश-दुनिया के अंटार्कटिका, जापान सहित दुनिया के अलग-अलग इलाकों से लाई गई है। खासकर जेम्स स्टोन, बेशकीमती हीरे जिनकी कीमत करोड़ों और अरबों में है। उन्‍हे लोग आसानी से एक ही जगह पर देख सकेगें ।

ग्वालियर नगर निगम, खनन मंत्रालय भारत सरकार और जियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया के संयुक्त प्रयास से देश का पहला जिओ साइंस म्यूजियम ग्वालियर में तैयार हो गया है। खनन मंत्रालय और जीएसआई की योजना है कि आने वाले दिनों में मध्यप्रदेश के जबलपुर में ही जियो साइंस पार्क तैयार कराया जाए। जिससे मध्यप्रदेश के नाम एक और बड़ी उपलब्धि शामिल हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *