सर्दियों में बीमारियों से दूर रहने के लिए फॉलो करें ये टिप्स

लाइफस्‍टाइल। उत्तर भारत में इस वक्त हाड़ कंपाने वाली ठंड का कहर देखने को मिल रहा है। कहीं कोहरे से कोहराम मचा हुआ है तो  कहीं शीतलहर से लोग ठिठुर रहे हैं। अगले कुछ दिनों तक इसी तरह के हालात देखने को मिल सकते हैं। अत्यधिक सर्दी की वजह से लोगों का हाल बेहाल हो गया है। ऐसे में सर्दी, जुकाम, बुखार खांसी सहित कई बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। लोगों को बीमारियों से बचने के लिए मशक्कत करनी पड़ रही है। आज आपको बताएंगे कि सर्दियों में किन तरीकों से आप बीमारियों से कोसों दूर रह सकते हैं और मौसम का भी जमकर आनंद ले सकते हैं। तो आइए जानते हैं।

सही तरीके से पहनें गर्म कपड़े :- 

सर्दियों में बीमारियों से बचने के लिए सही तरीके से गर्म कपड़े पहनने चाहिए। खुद को प्रॉपर तरीके से कवर करना चाहिए और उसके बाद ही घर से निकलना चाहिए। गर्म कपड़े इस मौसम में सबसे बड़ा हथियार बन सकते हैं। बच्चों और बुजुर्गों को कपड़ों को लेकर बिल्कुल भी लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए। आप सर्दी से बचे रहेंगे तो सीजनल इंफेक्शन का खतरा कम हो जाएगा।

वेजिटेबल जूस का सेवन :-

सर्दियों में आप सुबह सुबह खाली पेट गाजर, चुकंदर, धनिया, आंवला और पुदीना का जूस बनाकर पी सकते हैं। ठंडी के मौसम में सब्जियों का जूस बेहद फायदेमंद होता है। इससे हमारी बॉडी डीटॉक्स हो जाती है और बीमारियों का खतरा कम हो जाता है। नींबू पानी से भी आप दिन की शुरुआत कर सकते हैं। जीरा वाटर और अजवाइन वाटर पीना भी फायदेमंद होता है।

फिजिकल एक्टिविटी :-

यदि आपको सर्दियों में भी गर्मी का एहसास करना है तो आप कम से कम 30 मिनट तक एक्सरसाइज जरूर करें। एक्सरसाइज करने से आपके शरीर में गर्मी आएगी और सर्दी कम लगेगी। बिना हीटर के आपको पसीना आ जाएगा। इस मौसम में दोपहर के वक्त एक्सरसाइज करना सबसे अच्छा माना जाता है। फिजिकल एक्टिविटी करने से मेटाबॉलिज्म बेहतर होता है और इम्यूनिटी भी बूस्ट होती है। अगर आपकी इम्यूनिटी मजबूत हो जाए, तो सर्दियों में आप सीजनल  इंफेक्शन से आसानी से बचाव कर सकते हैं।

खाने-पीने का ध्यान :-

सर्दी के मौसम में ज्यादा से ज्यादा गर्म चीजों का सेवन करना चाहिए और गर्म पानी पीना चाहिए। खाना हमेशा ताजा और गर्म होना चाहिए। इससे आपका डाइजेस्टिव सिस्टम ठीक रहेगा और आप हेल्दी रहेंगे। इसके अलावा पर्याप्त मात्रा में पानी पीना चाहिए। खूब फल और सब्जियों का सेवन करना चाहिए। आप हेल्दी डाइट लेंगे तो आपका स्वास्थ्य बढ़िया रहेगा। चीनी की जगह गुड़ खाएं और ड्राई फ्रूट्स भी खाते रहें। इससे आपको जरूरी पोषक तत्व मिलते रहेंगे।

कोविड से बचना भी बेहद जरूरी :-

इस वक्त कोविड का खतरा भी ज्यादा है। ऐसे में सभी को जरूरत है कि मास्क लगाएं, सैनिटाइजर का इस्तेमाल करें और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें। भीड़भाड़ वाली जगह पर जाने से बचें और खुद का विशेष ख्याल रखें। इससे आप सर्दी के साथ कोविड से भी अपना बचाव कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *