Indian Railway: रंगों के त्योहार होली के मौके पर घर जाने वाले लाखों यात्रियों के लिए भारतीय रेलवे ने एक बड़ी खुशखबरी दी है. त्योहार के समय अक्सर यात्री भारी भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट की परेशानी का सामना करते हैं. इसी को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने इस साल कुल 1410 होली स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है. इसका मकसद यात्रियों को सुगम यात्रा का अनुभव देना और भीड़-भाड़ को नियंत्रित करना है. भारतीय रेलवे की इस योजना से खासतौर पर उन यात्रियों को फायदा मिलेगा, जो बड़े शहरों से अपने घर उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और अन्य राज्यों में होली मनाने जा रहे हैं.
उत्तर रेलवे से चलेंगी 108 स्पेशल ट्रेनें
इन 1410 स्पेशल ट्रेनों में से 108 ट्रेनें उत्तर रेलवे जोन के तहत चलाई जाएंगी. इनमें से ज्यादातर ट्रेनें दिल्ली और एनसीआर के प्रमुख स्टेशनों से रवाना होंगी. इससे दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम जैसे इलाकों में रहने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है. उत्तर रेलवे के जनरल मैनेजर अशोक कुमार वर्मा ने कहा कि होली के दौरान यात्रियों को किसी भी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं. स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा और यात्रियों की सुविधा को लेकर विशेष इंतजाम किए जाएंगे.
हर रूट पर रखी जा रही है नजर
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, हर रूट पर यात्रियों की भीड़ की स्थिति की लगातार समीक्षा की जा रही है. जहां भी ज्यादा दबाव नजर आएगा, वहां जरूरत के अनुसार और स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला लिया जाएगा. रेलवे का फोकस खासतौर पर उन रूटों पर है, जहां वेटिंग लिस्ट तेजी से बढ़ रही है.
यात्रियों के लिए जरूरी जानकारी
होली स्पेशल ट्रेनों की टिकट बुकिंग जल्द ही IRCTC पर शुरू होगी. टिकट बुक करने के लिए यात्री IRCTC की वेबसाइट, IRCTC मोबाइल ऐप और NTES ऐप का इस्तेमाल कर सकेंगे. यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे समय रहते टिकट बुक कर लें, क्योंकि त्योहार के दौरान चलने वाली स्पेशल ट्रेनों में आमतौर पर सीटें जल्दी भर जाती हैं.
किस जोन के लिए कितनी ट्रेनें
- पूर्व मध्य रेलवे (ईसीआर)- 285 विशेष ट्रेन
- पश्चिम रेलवे (डब्ल्यूआर)- 231 ट्रेन
- मध्य रेलवे (सीआर)- 209 होली स्पेशल ट्रेन
- दक्षिण मध्य रेलवे (एससीआर)- 160 ट्रेन
- उत्तर रेलवे (एनआर)- 108 ट्रेन
- उत्तर पश्चिम रेलवे (एनडब्ल्यूआर)- 71 होली स्पेशल ट्रेन
- उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर)-66 विशेष ट्रेन
- वहीं, पूर्वोत्तर रेलवे (एनईआर)- 62 ट्रेन
- पूर्व तटीय रेलवे (ईसीओआर)- 62 ट्रेन
- दक्षिण पश्चिम रेलवे (एसडब्ल्यूआर)- 47 ट्रेन
- पश्चिम मध्य रेलवे (डब्ल्यूसीआर)- 43 ट्रेन
- दक्षिण रेलवे (एसआर)- 39 होली स्पेशल ट्रेन
- दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (एसईसीआर)- 15 ट्रेन
- कोंकण रेलवे (केआर)- 9 ट्रेन
- पूर्वोत्तर सीमा रेलवे (एनएफआर)- 2 विशेष ट्रेन
इसे भी पढ़ें:-आज ही के दिन शुरू हुई थी आजाद भारत की पहली जनगणना, तब कितनी थी आबादी, आज कितनी है?