Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 में भारत की 17 वर्षीय युवा तीरंदाज कुमकुम मोहद ने इतिहास रच दिया है। महिला व्यक्तिगत रिकर्व स्पर्धा के बेहद उतार-चढ़ाव और रोमांच से भरे फाइनल मुकाबले में कुमकुम ने साउथ कोरिया की दिग्गज तीरंदाज ओह येजिन को शूट-ऑफ में पछाड़कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। एशियन गेम्स के इतिहास में यह पहला मौका है जब भारत ने महिला व्यक्तिगत रिकर्व तीरंदाजी में गोल्ड मेडल जीता है। इसके साथ ही मौजूदा एशियाई खेलों में कुमकुम का यह दूसरा स्वर्ण पदक है जबकि भारतीय तीरंदाजों का इस साल यह 5वां गोल्ड रहा।
शुरुआती दो सेट में पिछड़ गईं थी कुमकुम, तीसरे में की वापसी
कुमकुम मोहोद की गोल्ड मेडल मैच में शुरुआत अच्छी नहीं रही थी, जिसमें पहले दो सेट का खेल खत्म होने के बाद वह 3-1 से पीछे चल रही थी, जिसमें पहला सेट कोरियाई खिलाड़ी ने अपने नाम किया तो वहीं दूसरा सेट बराबरी पर खत्म होने की वजह से कुमकुम 3-1 से पीछे थी, ऐसे में उनके लिए मुकाबले के बचे तीन सेट में वापसी करने का काफी दबाव था। कुमकुम ने इसके बाद तीसरा सेट 30-29 के अंतर से अपने नाम करने के साथ इस गोल्ड मेडल मैच को 3-3 की बराबरी पर ला दिया।
चौथे सेट में पिछड़ने के बाद 5वें में की वापसी और शूट ऑफ में पहुंचा मैच
बता दें कि तीसरे सेट में मुकाबले को बराबरी पर लाने के बाद चौथा सेट खत्म होने पर कुमकुम मोहोद एकबार फिर से इस गोल्ड मेडल मुकाबले में पीछे हो गईं थी, जिसमें साउथ कोरियाई खिलाड़ी 5-3 से आगे थी, ऐसे में पांचवां सेट कुमकुम के लिए करो या मरो की स्थिति वाला था, जिसमें कुमकुम ने अपना कमाल दिखाने के साथ परफेक्ट 10 का स्कोर लगाया तो वहीं साउथ कोरिया की खिलाड़ी का एक 9 अंक का स्कोर उनपर भारी पड़ गया और यह सेट खत्म होने पर मैच 5-5 की बराबरी पर खत्म होने से शूट ऑफ में पहुंच गया। इसके बाद कुमकुम ने यहां 10 का स्कोर हासिल किया तो साउथ कोरिया की खिलाड़ी सिर्फ 8 का स्कोर ही हासिल कर सकी और कुमकुम ने गोल्ड मेडल अपने नाम करने के साथ इतिहास रच दिया। यह एशियन गेम्स 2026 में कुमकुम का दूसरा स्वर्ण सहित कुल तीसरा पदक है। इससे पहले उन्होंने अंकिता भकत और कीर्ति शर्मा के साथ महिला रिकर्व टीम स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीता था।