Delhi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को दो दिनों के मलेशिया दौरे पर रवाना हो गए हैं. पीएम मोदी अपने ‘दोस्त’ और मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के न्योते पर वहां जा रहे हैं. यह दौरा 7 और 8 फरवरी तक चलेगा, जिसमें दोनों देशों के बीच रक्षा एवं सुरक्षा संबंधों को मजबूत करने तथा आर्थिक और नवोन्मेष के क्षेत्र में साझेदारी को बढ़ाने पर विचार किया जाएगा है. बता दें कि कुआलालंपुर में पीएम मोदी के स्वागत के लिए एक भव्य सामुदायिक कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है जिसका नाम है ‘वेलकम मोदी जी’. इस कार्यक्रम की खास बात यह है कि यहां 750 से ज्यादा कलाकार एक साथ मंच पर उतरेंगे और सामूहिक नृत्य प्रस्तुति देंगे.
मलेशिया रवाना होने से पहले क्या बोले पीएम मोदी
पीएम मोदी ने रवाना होने से पहले अपने बयान कहा कि, ”भारत और मलेशिया के बीच ऐतिहासिक संबंधों में हाल के वर्षों में निरंतर प्रगति हुई है.” उन्होंने कहा, ”मैं प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ अपनी चर्चाओं और हमारी व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने को लेकर उत्साहित हूं.” उन्होंने कहा, ”हमारा लक्ष्य अपने रक्षा और सुरक्षा संबंधों को गहरा करना, अपनी आर्थिक और नवाचार साझेदारी को बढ़ाना तथा नए क्षेत्रों में अपने सहयोग का विस्तार करना है.”
क्यों खास है यह दौरा?
दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ द्विपक्षीय बातचीत करेंगे. इस दौरान दोनों देश यह देखेंगे कि भारत और मलेशिया के बीच बनी ‘कॉम्प्रिहेंसिव स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप’ में अब तक कितना डेवलपमेंट हुआ है और आगे क्या किया जा सकता है.
विदेश मंत्रालय के मुताबिक, बातचीत में व्यापार और निवेश, रक्षा और सुरक्षा, सेमीकंडक्टर, डिजिटल तकनीक, नवीकरणीय ऊर्जा, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और लोगों के आपसी संपर्क जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होगी.
30 लाख भारतीयों से मिलेंगे पीएम मोदी
मलेशिया में करीब 29 लाख से 30 लाख भारतीय रहते हैं, जो दुनिया के सबसे बड़े प्रवासी भारतीयों (डायस्पोरा) में से एक हैं. पीएम मोदी ने कहा कि वह वहां रहने वाले भारतीयों से मिलने के लिए काफी एक्साइटेड हैं. उन्होंने इस कम्युनिटी को दोनों देशों के बीच एक ‘जीता-जागता पुल’ बताया, जो मलेशिया की तरक्की में भी बड़ा रोल निभा रहे हैं.
इसे भी पढ़ें:-Gold Price Today: सोने-चांदी की कीमतों में आई भारी गिरावट, जानें आज का लेटेस्ट अपडेट