New Delhi: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के जन्मदिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई केंद्रीय मंत्रियों और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं. नेताओं ने उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और राष्ट्रसेवा के प्रति उनके योगदान की सराहना करते हुए बधाई दी.
पीएम मोदी ने प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के जरिए कहा कि राजनाथ सिंह भारत को मजबूत, सुरक्षित और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं. उन्होंने शासन-प्रशासन से जुड़े विषयों पर उनकी गहरी समझ की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की.
केंद्रीय मंत्रियों ने जताईं शुभकामनाएं
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने राजनाथ सिंह के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की. वहीं केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य तथा विद्युत मंत्री मनोहर लाल ने उन्हें भाजपा का वरिष्ठ नेता और लोकप्रिय जनप्रतिनिधि बताते हुए जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं.
योगी आदित्यनाथ ने बताया प्रेरणा का स्रोत
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजनाथ सिंह को प्रखर वक्ता और जनप्रिय राजनेता बताते हुए कहा कि उनका सरल व्यक्तित्व, विनम्र व्यवहार और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत है. उन्होंने उनके उत्तम स्वास्थ्य और यशस्वी जीवन की कामना की.
भजनलाल शर्मा, नायब सैनी और रेखा गुप्ता ने भी दी शुभकामनाएं
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि उनकी दूरदर्शी सोच और संकल्प से भारत का रक्षा क्षेत्र आत्मनिर्भरता की दिशा में लगातार सशक्त हो रहा है. उन्होंने स्वदेशी रक्षा उत्पादन और सैन्य आधुनिकीकरण में राजनाथ सिंह के योगदान को राष्ट्र के लिए अमूल्य बताया. राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजनाथ सिंह का नेतृत्व राष्ट्र की सुरक्षा, सामर्थ्य और गौरव को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में प्रेरणादायी रहा है. हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने उनके श्रेष्ठ स्वास्थ्य और कीर्तिमय जीवन की कामना की.
इसे भी पढ़ें:-Gold Price: सोने की कीमतों में आई भारी गिरावट, चांदी के दाम स्थिर, जानें आज का लेटेस्ट रेट