New Delhi: दिल्ली एनसीआर में मॉनसून की रफतार धीमी हो गई है। बता दें कि अगले एक हफ्ते तक दिल्ली में बारिश की कोई संभावना नही है। मौसम विभाग (IMD) ने आज यानी 21 सितंबर से अगले कुछ दिनों तक कई राज्यों में बारिश, आंधी, बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है। वहीं, पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में नदियों का जलस्तर बढ़ने की आशंका है।
बता दें कि मौसम के इस बदलाव की प्रमुख वजह पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी और उससे लगे उत्तरी अंडमान सागर के ऊपर बना निम्न दबाव क्षेत्र है। इसके प्रभाव से आने वाले दिनों में कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं।
आज किन-किन राज्यों में होगी बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वी उत्तर प्रदेश में 25 और 26 सितंबर को गरज-चमक के साथ व्यापक बारिश के आसार हैं। इस दौरान कुछ स्थानों पर बिजली गिरने की आशंका है। वही राजस्थान के कुछ इलाकों में हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 21 सितंबर को कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग, चमोली और नैनीताल में हल्की बारिश हो सकती है। बिहार और झारखंड में 21 से 26 सितंबर के बीच कई इलाकों में व्यापक बारिश हो सकती है।