14 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, 80 KM तक चलेंगी तेज हवाएं, जानें अपने शहर का हाल

Weather Update: देश के कई हिस्सों में मानसून ने एक बार फिर अपना असर तेज कर दिया है. आसमान में घने बादल, तेज हवाएं और लगातार हो रही बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है. उत्तर से दक्षिण और पूर्व से पश्चिम तक कई इलाकों में झमाझम बारिश का दौर जारी है. इसी बीच मौसम विभाग (IMD) ने आज यानी 14 अगस्त को देश के करीब 14 राज्यों में भारी बारिश, आंधी-तूफान और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है. कुछ इलाकों में हवाओं की रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना जताई गई है. ऐसे में घर से बाहर निकलने से पहले अपने इलाके के मौसम का हाल जानना बेहद जरूरी है.

दिल्ली-NCR में आज कैसा रहेगा मौसम

दिल्ली (14 अगस्त- तूफानी बारिश की चेतावनी): IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक दिल्ली 14 अगस्त को तेज बारिश के साथ आंधी-तूफान चलने का अलर्ट है। राजधानी में दिन के दौरान बादल छाए रहने और बारिश होने की संभावना है। दिल्ली का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है।

उत्तर प्रदेश में आज कैसा रहेगा मौसम

नोएडा, गाजियाबाद, लखनऊ, कानपुर, मथुरा, आगरा, गोंडा, गोरखपुर, संतकबीर नगर, अलीगढ़, झांसी, मुजफ्फरनगर, बहराइच, मिर्जापुर, जौनपुर, सोनभद्र और मऊ समेत कई जिलों में भारी बारिश के आसार हैं। इस दौरान आंधी चलने की चेतावनी है और हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। राजधानी लखनऊ में आज अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है।

बिहार में आज कैसा रहेगा मौसम

राजधानी पटना सहित नालंदा, दरभंगा, पूर्णिया, मुंगेर, गया, औरंगाबाद, बेगूसराय, समस्तीपुर, सहरसा, किशनगंज, जहानाबाद, शेखपुरा, कटिहार, खगड़िया, कैमूर, सारण, रोहतास, लखीसराय और सुपौल में बारिश के साथ तेज आंधी चलने की चेतावनी है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 55 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। पटना में आज अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

मध्य प्रदेश में आज कैसा रहेगा मौसम

राजधानी भोपाल, विदिशा, सीहोर, रायसेन, जबलपुर, इंदौर, ग्वालियर, नर्मदापुरम, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, उज्जैन, देवास, अलीराजपुर, शहडोल, अनूपपुर, उमरिया, मंडला, डिंडौरी, सीधी, पन्ना, गुना, मुरैना और खंडवा में तेज बारिश की संभावना है। इस दौरान 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। भोपाल में आज अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

राजस्थान में आज कैसा रहेगा मौसम

राजधानी जयपुर, उदयपुर, अजमेर, कोटा, टोंक, सवाई माधोपुर, बूंदी, पाली, भरतपुर, भीलवाड़ा, बारां, सिरोही, प्रतापगढ़, बांसवाड़ा और चित्तौड़गढ़ में भारी से भीषण बारिश का अलर्ट है। कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ मौसम खराब रह सकता है। जयपुर में आज अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

झारखंड में आज कैसा रहेगा मौसम

राजधानी रांची सहित जमशेदपुर, रामगढ़, चतरा, गुमला, पलामू, खूंटी, सरायकेला, दुमका, जामताड़ा और साहिबगंज में तूफानी बारिश का अलर्ट है। इस दौरान 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। रांची में आज अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने की आशंका है।

पहाड़ों में बारिश के साथ भूस्खलन का खतरा

हिमाचल प्रदेश के मनाली, कुल्लू, किन्नौर, कांगड़ा, मंडी और चंबा जैसे इलाकों में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश के कारण भूस्खलन और सड़कें बंद होने का खतरा बना हुआ है. उत्तराखंड में नैनीताल, ऋषिकेश, हरिद्वार, बागेश्वर, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग और अल्मोड़ा में तेज बारिश और आंधी की संभावना है. यहां हवा की रफ्तार 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. जम्मू-कश्मीर के कई जिलों में भी बारिश और आंधी का अलर्ट है. श्रीनगर में तापमान 33 और 19 डिग्री के आसपास रह सकता है.

इसे भी पढ़ें:-गैस सिलेंडर बुक करने से पहले जान लें ताजा रेट, चेक करें शहरवार कीमत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *