New Rules from 1 March 2026: देशभर में कई नए नियम 1 मार्च 2026 से लागू होने जा रहे हैं, जिनका असर आम लोगों की दिनचर्या और खर्च दोनों पर देखने को मिलेगा. ये बदलाव यात्रा, गैस सिलेंडर, मोबाइल सिम, बैंकिंग और डिजिटल पेमेंट जैसे अहम क्षेत्रों से जुड़े हैं. सरकार और संबंधित एजेंसियों का कहना है कि इन नियमों का उद्देश्य सुरक्षा बढ़ाना, धोखाधड़ी रोकना और सेवाओं को बेहतर बनाना है. अगर आपने इन बदलावों पर ध्यान नहीं दिया तो आपको बड़ा नुकसान झेलना पड़ सकता है.
ऑनलाइन टिकट बुकिंग
रविवार, 1 मार्च से ऑनलाइन जनरल क्लास और प्लेटफॉर्म टिकट बुक करने का नियम बदलने जा रहा है. रेल यात्री अब भारतीय रेल के यूटीएस ऐप से न तो जनरल क्लास की टिकट बुक कर पाएंगे और न ही प्लेटफॉर्म टिकट बुक कर पाएंगे. अब सिर्फ RailOne मोबाइल ऐप से ही ऑनलाइन जनरल और प्लेटफॉर्म टिकट बुक किया जा सकेगा.
UPI
यूपीआई से होने वाले ट्रांजैक्शन को सुरक्षित बनाने के लिए सरकार 1 मार्च से नया नियम लागू करने जा रही है. नए नियमों के तहत अब बड़े ट्रांजैक्शन के लिए सिर्फ UPI PIN से काम नहीं चलेगा. 1 मार्च से यूपीआई के जरिए बड़ा अमाउंट ट्रांसफर करने के लिए UPI PIN के साथ-साथ बायोमेट्रिक्स या मल्टी-फैक्टर ऑथेंटिकेशन की जरूरत होगी.
बैंकिंग और मिनिमम बैलेंस
कई बड़े बैंक 1 मार्च से अपने सर्विस चार्ज और मिनिमम बैलेंस के नियमों में बदलाव करने जा रहे हैं. क्रेडिट कार्ड के रिवॉर्ड पॉइंट्स और लेट पेमेंट फीस के स्ट्रक्चर में भी कई बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं. इसलिए ग्राहक अपने बैंक से मिले ईमेल या एसएमएस को ध्यान से पढ़ें, जिससे किसी भी तरह के पेनल्टी शुल्क से बचा जा सके.
सिम बाइंडिंग
साइबर फ्रॉड या डिजिटल फ्रॉड पर लगाम कसने के लिए सरकार 1 मार्च से सिम बाइंडिंग का नया नियम लागू करने जा रही है. नए नियमों के तहत, वॉट्सऐप, टेलीग्राम और सिग्नल जैसे मैसेजिंग ऐप अब सीधे आपके सिम कार्ड के साथ लिंक होंगे. अगर आप अपने मोबाइल फोन से सिम निकाल देते हैं तो ये मैसेजिंग ऐप तत्काल प्रभाव से काम करना बंद कर देंगे. मोबाइल से सिम निकालने के बाद किसी भी तरह का वाई-फाई नेटवर्क या हॉटस्पॉट से ये ऐप नहीं चलेंगे.
एलपीजी, सीएनजी, पीएनजी, एटीएफ
ऑयल मार्केटिंग कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को एलपीजी, सीएनजी, पीएनजी, एटीएफ के दामों में जरूरत के आधार पर कटौती या बढ़ोतरी करती हैं. लिहाजा, 1 मार्च को भी इन ईंधन की कीमतों में बदलाव किए जा सकते हैं.
इसे भी पढ़ें:-50 हजार का इनामी गैंगस्टर पवन उर्फ कल्लू पुलिस एनकाउंटर में ढेर, सरकारी पिस्टल समेत भारी मात्रा में कारतूस और असलहे बरामद