50 हजार का इनामी गैंगस्टर पवन उर्फ कल्लू पुलिस एनकाउंटर में ढेर, सरकारी पिस्टल समेत भारी मात्रा में कारतूस और असलहे बरामद

UP News: नोएडा एसटीएफ को एक बड़ी कामयाबी मिली है. यूपी एसटीएफ की नोएडा यूनिट ने कार्रवाई करते हुए गाजियाबाद के कुख्यात गैंगस्टर पवन उर्फ कल्लू को आगरा में एनकाउंटर में ढेर कर दिया. मुठभेड़ के बाद मौके से भारी मात्रा में कारतूस और असलहे बरामद किए गए हैं. पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है. मुठभेड़ में एक सिपाही भी घायल हुआ है.

बदमाश ने 18-20 राउंड फायरिंग की

एसपी एसटीएफ नोएडा नवेंदु कुमार के अनुसार 50 हजार के इनामी बदमाश को आगरा में बड़ी वारदात की सूचना पर घेरा गया. चेकिंग के दौरान उसकी मोटरसाइकिल तारों में उलझ गई, जिस पर उसने फायरिंग कर दी. बदमाश की ओर से लगभग 18-20 राउंड फायरिंग की गई. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसे तत्काल उपचार हेतु अस्पताल रवाना किया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मुठभेड़ के बाद दो पिस्टल, जिनमें 2016 में सिपाही से लूटी सरकारी पिस्टल भी शामिल है, बाइक, मोबाइल और भारी संख्या में कारतूस  बरामद हुई है.

कल्लू पर 50 हजार का इनाम था

पुलिस अधिकारियों के अनुसार पवन उर्फ कल्लू कमिश्नरेट आगरा के थाना ताजगंज में दर्ज रंगदारी के मुकदमे में वांछित चल रहा था और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था. वह कुख्यात रणदीप भाटी, अमित कसाना गैंग का सक्रिय शूटर माना जाता था. उसके खिलाफ हत्या के 4, रंगदारी के 2 सहित कुल 18 से अधिक मुकदमे दर्ज थे. वर्ष 2021 में हत्या के एक अभियोग में उस पर एक लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था, जिसके बाद उसे दिल्ली से गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था.

हिमांशु भाऊ गैंग का सक्रिय सदस्य था

बताया गया है कि जेल में रहने के दौरान पवन का संपर्क हरियाणा के कुख्यात हिमांशु भाऊ गैंग से हो गया था. वर्ष 2025 में जेल से छूटते ही उसने बड़े पैमाने पर रंगदारी मांगना शुरू कर दिया था और दिल्ली व पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बड़ी घटनाओं को अंजाम देने की फिराक में था. वर्ष 2016 में थाना बिसरख, गौतमबुद्ध नगर क्षेत्र में सिपाही से लूटी गई सरकारी पिस्टल भी उसके कब्जे से बरामद हुई है, जिसमें 2019 में अंतिम रिपोर्ट लग चुकी थी. पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से एक बड़े आपराधिक नेटवर्क पर प्रभावी प्रहार हुआ है.

इसे भी पढ़ें:-शनिवार के दिन करें ये विशेष उपाय, शुभ फलों की होगी प्राप्ति

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *