कड़ाके की ठंड से कांपा दिल्ली सहित उत्‍तर भारत

नई दिल्ली।  दिल्‍ली समेत पूरे उत्‍तर भारत में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। एक-दो दिन चटख धूप खिलने के बाद उत्तर भारत सहित दिल्ली-एनसीआर में ठंड बढ़ने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार ज्यादातर इलाकों में घना कोहरा छाया रहेगा। पहाड़ों पर होने वाली बर्फबारी से दिल्ली-एनसीआर में ठिठुरन बढ़ने वाली है। सर्द हवाएं लोगों को कड़ाके की ठंड का अहसास कराने वाली हैं।

आइएमडी के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर घने कोहरे व शीतलहर के साथ नए साल का स्वागत करेगा। मौसम विभाग ने 31 दिसंबर से 3 जनवरी तक के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। दो जनवरी तक न्यूनतम तापमान चार डिग्री तक पहुंच सकता है।

मौसम विभाग के मुताबिक 31 व एक जनवरी को दिल्ली में कहीं-कहीं पर शीतलहर, सर्द दिन व घना कोहरा रहने की संभावना है। बुधवार सुबह हरियाणा व उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा। बुधवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस रहा।

नोएडा के स्कूलों में 1 जनवरी तक छुट्टी:-
गौतमबुद्धनगर जिला प्रशासन ने कड़ाके की ठंड को देखते हुए नोएडा व ग्रेटर नोएडा में पहली से आठवीं तक के स्कूलों में फिजिकल कक्षाओं पर रोक लगा दी है। आनलाइन कक्षाएं संचालित की जाएंगी। डीआईओएस धर्मवीर सिंह ने बुधवार को बताया कि जिलाधिकारी सुहास एल यतिराज ने फिलहाल यह आदेश 1 जनवरी 2023 तक के लिए जारी किया है। आदेश की कॉपी सभी प्रधानाचार्यों को भेज दी गई है। धर्मवीर सिंह ने बताया कि गौतमबौद्धनगर में उच्च शिक्षा केंद्रों सहित लगभग 1800 स्कूल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *