राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का आज पहली बार होगा काशी में आगमन

वाराणसी। सोमवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का पहली बार काशी में आगमन होगा। बाबतपुर एयरपोर्ट से शहर तक पूर्वाभ्यास किया गया। वीआइपी वाहनों की फ्लीट हूटर बजाते हुए काफी देर तक दौड़ती रही। इस दौरान पूरे रूट पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। राष्ट्रपति के स्वागत में काशी सजकर तैयार हो गई है। श्री काशी विश्वनाथ धाम में उनके आवभगत के लिए जहां रेड कारपेट बिछाई गई है, वहीं उनकी मौजूदगी में होने वाली गंगा घाट की आरती भी बेहद खास होगी।

पहली बार पुरातन नगरी आ रहीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की सुरक्षा की कमान आठ आईपीएस संभालेंगे। सबकी ड्यूटी अलग-अलग स्थानों पर लगाई गई है। इसके साथ ही राष्ट्रपति की सुरक्षा व्यवस्था में तैनात होने वाले अराजपत्रित पुलिस कर्मियों को उनकी ड्यूटी के बारे में पुलिस लाइन में जानकारी दी गई।

एयरपोर्ट से दशाश्वमेध घाट तक चप्पे-चप्पे पर चौकसी :-

राष्ट्रपति मुर्मू के शहर आगमन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों को रविवार को अंतिम रूप दिया गया। राष्ट्रपति के आगमन के दौरान बाबतपुर हवाई अड्डे से लेकर दशाश्वमेध घाट तक चप्पे-चप्पे पर चौकसी के साथ ही निगरानी की पुख्ता व्यवस्था रहेगी। उनका काफिला जिस मार्ग से गुजरेगा, उस पर यातायात 15 मिनट पहले रोक दिया जाएगा। पुलिस लाइन में अधिकारियों को पुलिस आयुक्त मुथा अशोक जैन ने कहा कि सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के साथ ही निगरानी को लेकर किसी भी स्तर पर चूक कतई न होने पाए।

गंगा आरती में देव दीपावली जैसा होगा नजारा :-

राष्ट्रपति मुर्मू कालभैरव मंदिर और विश्वनाथ धाम में दर्शन-पूजन करने के साथ ही दशाश्वमेध घाट पर गंगा आरती में शामिल होंगी। इसके मद्देनजर दशाश्वमेध घाट को  फूल- मालाओं से सजाया जा रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगमन पर मां गंगा की आरती में देव दीपावली जैसा होगा नजारा। नौ अर्चक मां गंगा की भव्य आरती करेंगे। इस दौरान 21 देव कन्याएं भी उपस्थित रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *