उत्तर भारत में जारी है कड़ाके की ठंड और कोहरे का कहर

नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में कड़ाके की ठंड का कहर जारी है। ठंड लगातार रिकॉर्ड तोड़ रही है। आज भी कोहरे का असर बना हुआ है। दिल्ली-एनसीआर में शीत लहर का प्रकोप लगातार जारी है। दिल्ली एयरपोर्ट ने आज भी यात्रियों के लिए कोहरे का अलर्ट जारी किया है। बताया गया है कि एयरपोर्ट पर 30 से ज्यादा घरेलू विमानों के टेकऑफ में देरी हुई है, वहीं 12 अलग-अलग शहरों से आने वाले 10 से ज्यादा विमानों की लैंडिंग में समस्या आई और इन्हें पूरी सुरक्षा के साथ देरी से लैंड कराया गया।

उत्तर भारत में शीतलहर और कोहरे के प्रकोप की वजह से ट्रेनें भी देरी से चल रही हैं। लंबी दूरी की अधिकतर ट्रेनें एक से सात घंटे तक की देरी से चल रही हैं।

दिल्ली में हाड़ कंपा देने वाली सर्दी से हालत यह है कि शुक्रवार को भी दिल्ली के चार इलाकों में न्यूनतम तापमान चार डिग्री से भी कम रहा। दिल्ली में हाड़ गला देने वाली सर्दी ने लोगों को खूब परेशान किया हुआ है। शुक्रवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 16.6 डिग्री सेल्सियस रहा व न्यूनतम तापमान भी सामान्य से तीन डिग्री कम चार डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। दिल्ली का आयानगर इलाके में सबसे सर्द सुबह रही, यहां न्यूनतम तापमान सामान्य से 5.2 डिग्री कम 1.8 डिग्री दर्ज हुआ। रिज में न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.8 डिग्री कम 3.3, लोदी रोड में 3.8 और उजवा में 2.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

उत्तर भारत में भीषण कोहरे का प्रकोप:-

दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा समेत उत्तर भारत में शुक्रवार को भी कंपकंपाने वाली सर्दी जारी रही। दिल्ली के आयानगर में तो न्यूनतम तापमान लुढ़ककर 1.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। एक दिन पहले यहां पारा 2.2 डिग्री दर्ज हुआ था।

एनसीआर में गुरूग्राम सबसे ठंडा:-

एनसीआर के इलाकों में गुरूग्राम एक बार फिर से ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 3.1 और अधिकतम तापमान 13.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। फरीदाबाद में 7.2, गाजियाबाद में न्यूनतम तापमान 6.2 और नोएडा में 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार शनिवार को अधिकतम तापमान 18 डिग्री और न्यूनतम तापमान 5 डिग्री रहने की संभावना है। इसके बाद से रविवार से तापमान में और बढ़ोतरी होनी शुरू होगी। 12 जनवरी तक अधिकतम तापमान के 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। हालांकि अभी घना कोहरा अगले सप्ताह तक परेशान करता रहेगा।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *